अमरावती के यशदीप भोगे एशियन गेम्स और वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम में चयनित

अमरावती के खेल प्रेमियों में उत्साह का वातावरण

अमरावती/दि.21 – अमरावती की लक्ष्य-वेध आर्चरी अकादमी के युवा तीरंदाज यशदीप भोगे का चयन एशियन गेम्स तथा वर्ल्ड कप स्टेज-3 और स्टेज-4 के लिए भारतीय टीम में हुआ है. इस उपलब्धि से अमरावती और महाराष्ट्र के खेल जगत में उत्साह का माहौल है.
26 वर्षीय यशदीप ने राष्ट्रीय चयन ट्रायल्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय टीम में अपनी जगह पक्की की. 70 मीटर रिकर्व क्वालिफिकेशन राउंड में शुरुआत में वह 16वें स्थान पर थे, लेकिन दूसरे दिन शानदार वापसी करते हुए 2160 में से 2010 अंक हासिल कर छठे स्थान तक पहुंच गए. इसके बाद राउंड रॉबिन मुकाबलों में उन्होंने लगातार बेहतरीन प्रदर्शन कर कई अनुभवी तीरंदाजों को पीछे छोड़ दिया. यशदीप की तीरंदाजी यात्रा 12 वर्ष की उम्र में अमरावती स्थित लक्ष्य-वेध आर्चरी अकादमी से शुरू हुई थी. उन्होंने अंतरराष्ट्रीय कोच गणेश विश्वकर्मा के मार्गदर्शन में वर्षों तक कठिन अभ्यास किया. उनकी मेहनत का परिणाम अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दिखाई दे रहा है.
इससे पहले भी यशदीप ने 2019 एशियन ग्रां प्री में भारतीय टीम को स्वर्ण पदक दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी. वह 2019 और 2024 के ओलंपिक कैंप में भी भारत के शीर्ष छह तीरंदाजों में शामिल रहे हैं. कोच गणेश विश्वकर्मा का मानना है कि यशदीप 2028 समर ओलम्पिक्स के लिए भारत के मजबूत दावेदारों में से एक हैं.
चयन के बाद यशदीप ने कहा कि यह सफलता उनके कोच और माता-पिता के विश्वास का परिणाम है. उन्होंने कहा कि जब वह ट्रायल्स में 16वें स्थान पर थे, तब भी उनके कोच और परिवार ने उनका हौसला नहीं टूटने दिया. महाराष्ट्र आर्चरी एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रशांत देशपांडे और सचिव प्रमोद चांदुरकर ने यशदीप और कोच गणेश विश्वकर्मा को बधाई देते हुए इसे अमरावती आर्चरी के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है.

Back to top button