दर्यापुर में पुन: शुरु अतिक्रमण विरोधी एक्शन
सीईओ डॉ. विकास खंडारे के मार्गदर्शन में कार्रवाई

* एक दर्जन से अधिक अवैध कब्जे ध्वस्त, लोगों ने खुद भी हटाए ठेले
दर्यापुर/दि.22– राजनेताओं के पालिका पहुंचने से बुधवार को रोकी गई अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई गुरुवार सुबह 9 बजे से दोबारा ऐसी शुरु हुई कि, एक दर्जन से अधिक पक्के, कच्चे अवैध कब्जे तोडे गए. दोपहर 2 बजे तक चली कार्रवाई में काफी अतिक्रमण हटा देने का दावा दर्यापुर नगर परिषद के अतिक्रमण विरोधी दस्ते ने किया. उन्होंने बताया कि, साई नगर स्टॉप से लेकर एसटी आगार, एसटी बस स्टैंड, रेलवे गेट तक काफी प्रमाण में अवैध कब्जे हटा दिए गए हैं. नाली के हद के अंदर भी लगाए गए कब्जे तोडे जाने की जानकारी दी गई है. हालांकि कल बुधवार को जिस मंदिर को तोडे जाने का विरोध हुआ था. उसका मामला आज कार्रवाई से परे रखा गया.
उल्लेखनीय है कि, दर्यापुर नगर परिषद ने बुधवार से अचानक अतिक्रमण विरोधी जोरदार कार्रवाई शुरु कर दी. जिससे राजनेताओं के फोन घनघना उठे. आनन-फानन में विधायक गजानन लवटे सहित अनेक नगरसेवक और कई दलों के अग्रणी नेता पालिका में पहुंचे और मुख्याधिकारी डॉ. विकास खंडारे से चर्चा की. पालिका प्रशासन को अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई रोकने का अनुरोध किया. देर तक चर्चा हुई, जिसमें बालसाहब हिंगणीकर, प्रदीप मलिये, गोपाल अरबट पाटिल, मेघा भारती सहित अनेक नेता गण रहने की जानकारी दी गई. लीडर्स के अनुरोध पर एक दिन के वास्ते कार्रवाई रोकी गई.
आज दोबारा कार्रवाई शुरु करते हुए साई नगर से लेकर रेलवे गेट तक अनेक अतिक्रमण बुलडोजर, हथोडी और अन्य साधनों से हटाए गए. इस दौरान दर्यापुर पुलिस का दस्ता सुरक्षा के लिए तैनात रहा. सुबह 9 बजे से शुरु हुई कार्रवाई दोपहर 2 बजे तक जारी रहने की जानकारी दी गई.





