बेलपत्र तोड़ते समय कुएं में गिरे बुजुर्ग की मौत

दत्तापुर के विट्ठल मंदिर परिसर में हादसा

धामणगांव रेलवे /दि.25– दत्तापुर इलाके में रविवार शाम एक दर्दनाक हादसे में 74 वर्षीय बुजुर्ग की कुएं में गिरने से मौत हो गई. मृतक की पहचान सुधाकरराव माधवराव मेटे के रूप में हुई है. वे पूजा के लिए बेलपत्र तोड़ने विट्ठल मंदिर परिसर में गए थे.
जानकारी के मुताबिक सुधाकरराव मेटे रविवार शाम विट्ठल मंदिर के पास बेलपत्र तोड़ रहे थे. इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और संतुलन बिगड़ने से वे पास स्थित कुएं में जा गिरे. हादसे की जानकारी मिलते ही दत्तापुर पुलिस मौके पर पहुंची. सहायक पुलिस निरीक्षक गजानन गजभरे के मार्गदर्शन में पुलिसकर्मियों दीपक पंधारे, हरिहर वैद्य, भाऊराव कांबली, अतुल पाटिल, संदीप तिरपुरे, कांस्टेबल सोनू भालेराव तथा स्थानीय नागरिकों ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया. काफी प्रयासों के बाद सुधाकरराव मेटे को कुएं से बाहर निकाला गया. इसके बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. दत्तापुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

Back to top button