बीजेपी ने कैंसल की दहीहांडी

डफरीन हादसे का गहरा दुख

* जख्मी और मृत शिशुओं के परिवारों को देगी आर्थिक सहायता
* महापौर तेजवानी द्वारा घोषणा
अमरावती/दि.25 – भारतीय जनता पार्टी ने डफरीन जिला महिला अस्पताल के एनआईसीयू हादसे के शोक में आगामी 6 सितंबर को यहां राजकमल चौक पर आयोजित भव्य दहीहांडी स्पर्धा रद्द करने का ऐलान आज किया. दोपहर में आयोजित प्रेस वार्ता में महापौर श्रीचंद तेजवानी ने यह घोषणा की. उन्होंने बताया कि, तीन शिशुओं की उपरोक्त दुर्घटना में दर्दनाक मृत्यु से भाजपा बुरी तरह आहत है. यह घटना झकझोर देने वाली है. इसलिए भाजपा ने दहीहांडी कैंसल कर पीडित परिवारों की आर्थिक सहायता करने का निर्णय किया है.
पत्रकार परिषद में नेता सदन चेतन गावंडे, शिवराय कुलकर्णी, किरण पातुरकर, जयंत डेहनकर, निवेदिता चौधरी आदि उपस्थित थे. भाजपा ने बताया कि, राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, मंत्री आशीष शेलार, पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, भाजपा सांसद कंगना राणावत, अभिनेता रणवीर सिंह, विक्की कौशल, अनन्या पांडे, मंत्री आकाश फुंडकर, पंकज भोयर, प्रा. अशोक उईके आनेवाले थे. उसी प्रकार मराठी फिल्म और टीवी जगत के सितारे प्राजक्ता माली, सई ताम्हणकर, सायली संजीव आदि का भी आने का कार्यक्रम था.
भाजपा ने पारंपरिक दहीहांडी आयोजन स्थगित कर जिले के सभी सांसद और विधायक डफरीन हादसे के पीडित परिवारों को सांत्वना देने पहुंचेंगे. इस समय डॉ. अनिल बोंडे, प्रवीण पोटे पाटिल, प्रताप अडसड, राजेश वानखडे, उमेश यावलकर, प्रवीण तायडे, केवलराम काले, महापौर श्रीचंद तेजवानी, जिलाध्यक्ष प्रभुदास भिलावेकर, विदर्भ संयोजक दिनेश सूर्यवंशी, शहर जिला अध्यक्ष डॉ. नितिन धांडे, शिवराय कुलकर्णी, प्रा. रवींद्र खांडेकर, किरण पातुरकर, तुषार भारतीय, निवेदिता चौधरी, नेता सदन चेतन गावंडे, गजानन कोल्हे, नितिन गुडधे पाटिल, चेतन पवार, बादल कुलकर्णी, राधा कुरील, ललित समदुरकर, शंतनु देशमुख, सुमीत पवार, ज्योति पाटिल, सुधीर रसे, सदाशिव खडके, गोपाल चंदन, नयना जोशी, प्रियंका मालठाणे, आप्पा पाटिल, दत्ता पाटिल, डॉ. विलास कविटकर आदि पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे.
* सीएम का 27 सितंबर को सत्कार
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर किसान सम्मान कर्जमुक्ति योजना क्रियान्वित कर अमरावती जिले के कृषकों को कर्जमुक्त करने के लिए भव्य किसान सम्मेलन आगामी 27 सितंबर को यहां आयोजित है. जिसमें मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का किसानों के हस्ते सत्कार किया जाएगा. युवाओं की भी सम्मेलन में बडी संख्या में उपस्थिति रहेगी.

Back to top button