तीन नवजातों की मौत को लेकर आकस्मिक मृत्यू के मामले दर्ज

गाडगेनगर पुलिस ने ‘एडी’ दर्ज कर जांच की शुरू

अमरावती/दि.25- गतरोज जिला स्त्री अस्पताल के एनआयसीयू कक्ष में लगी भीषण आग में तीन नवजात बच्चों की मृत्यू के मामले में गाडगेनगर पुलिस ने आकस्मिक मौत का मामला दर्ज करते हुए जांच पडताल करनी शुरू कर दी है. इस संदर्भ में घटना के वक्त ड्यूटी पर तैनात बालरोग विशेषज्ञ डॉ. किशाम मोहम्मद इनामदार शाहजहां इनामदार द्वारा दी गई शिकायतों के आधार पर आकस्मिक मृत्यू के तीन अलग-अलग मामले दर्ज किए गए है. जिनके आधार पर गाडगेनगर पुलिस के पीएसआय हितेश चोपडे द्वारा जांच पडताल शुरू की गई है.
डॉ. इनामदार द्वारा दी गई शिकायत में कहा गया है कि, 24 अगस्त को तडके 3 से 3.30 बजे के दौरान जिला स्त्री अस्पताल में तीसरी मंजिल पर स्थित एसएनसीयू कक्ष में अचानक ही आग लगी. जहां पर न्यू बॉर्न कक्ष में 9 नवजात बच्चे भर्ती थे. जिसमें से 6 बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. वहीं तीन बच्चे बुरी तरह से झुलसकर मृत्यू का शिकार हुए. इन बच्चों में पुलगांव निवासी पुजा बोरगे के एक दिवसीय बच्चे, अंजनगांव सुर्जी निवासी गायत्री चोपडे के 5 दिवसीय बच्चे तथा चिखलदरा निवासी किरण बेठेकर की 10 दिवसीय नवजात बच्ची का समावेश था. इस शिकायत के आधार पर गाडगेनगर पुलिस ने बीएनएस की धारा 194 के तहत आकस्मिक मृत्यू के तीन अलग-अलग मामले दर्ज किए है और तीनों मामलों की एकसाथ जांच पडताल करनी शुरू की है.

Back to top button