कल अमरावती आएंगी उबाठा नेत्री सुषमा अंधारे

डफरीन अस्पताल का करेंगी दौरा, पत्रकार वार्ता में रखेंगी पक्ष

* बालापुर के उबाठा विधायक नितिन देशमुख भी रहेंगे साथ
अमरावती/दि.25 – शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) की प्रखर वक्ता एवं फायरब्रांड नेत्री सुषमा अंधारे बुधवार को अमरावती दौरे पर आ रही हैं. डफरीन अस्पताल के नवजात शिशु अतिदक्षता विभाग (एसएनसीयू) में हुए अग्निकांड के बाद उनका यह दौरा राजनीतिक और सामाजिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
शिवसेना उबाठा पार्टी के जिला प्रमुख पराग गुडधे द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, सुषमा अंधारे सुबह 10 बजे अमरावती के जिला स्त्री अस्पताल (डफरीन अस्पताल) पहुंचकर अग्निकांड स्थल का निरीक्षण करेंगी. इस दौरान वे अस्पताल प्रशासन से घटना की जानकारी लेंगी तथा उपचाराधीन बच्चों और उनके परिजनों से भी मुलाकात कर सकती हैं. इसके बाद सुबह 11 बजे वे पत्रकार परिषद को संबोधित करेंगी. माना जा रहा है कि डफरीन अस्पताल अग्निकांड, अस्पतालों की सुरक्षा व्यवस्था, स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली तथा राज्य सरकार की भूमिका को लेकर वे अपना पक्ष रखेंगी और कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर प्रतिक्रिया देंगी. इस दौरे में बालापुर विधानसभा क्षेत्र के शिवसेना (उबाठा) विधायक नितिन देशमुख भी उनके साथ रहेंगे. दोनों नेता अस्पताल में हुई दुर्घटना के संबंध में जानकारी लेने के साथ-साथ पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करेंगे.
सुषमा अंधारे के दौरे को लेकर शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है. पार्टी की ओर से दौरे की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. राजनीतिक हलकों की नजर अब उनकी पत्रकार परिषद पर टिकी हुई है, जहां वे डफरीन अग्निकांड और राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण बयान दे सकती हैं.

Back to top button