डफरीन अग्निकांड की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग

जिला युवक कांग्रेस ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

* सभी सरकारी अस्पतालों के फायर व इलेक्ट्रिकल ऑडिट की उठाई मांग
अमरावती/दि.25- अमरावती के जिला महिला अस्पताल (डफरीन) के नवजात शिशु अतिदक्षता विभाग (एनआयसीयू) में 24 अगस्त को हुई भीषण अग्निदुर्घटना के बाद राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर जवाबदेही तय करने की मांग तेज हो गई है. इसी क्रम में जिला युवक कांग्रेस ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर घटना की निष्पक्ष और तकनीकी जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. युवक कांग्रेस ने अपने ज्ञापन में कहा कि डफरीन अस्पताल में हुई दुर्घटना अत्यंत हृदयविदारक है. इस हादसे में नवजात शिशुओं की मौत से पूरा जिला स्तब्ध है. ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित एजेंसियों की जवाबदेही तय करना आवश्यक है.
ज्ञापन में मांग की गई है कि अग्निकांड की निष्पक्ष एवं तकनीकी जांच कर दोषी अधिकारियों और संबंधित यंत्रणाओं की जिम्मेदारी तय की जाए. साथ ही मामले में लापरवाही पाए जाने पर सिविल सर्जन तथा संबंधित अधिकारियों को तत्काल निलंबित किया जाए. युवक कांग्रेस ने यह भी मांग उठाई कि वर्ष 2022-23 में भी इसी प्रकार की तकनीकी घटना सामने आने के बावजूद संबंधित कंपनी के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की गई तथा उसी कंपनी की मशीनरी दोबारा किसके दबाव में स्थापित की गई, इसकी भी स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराई जाए.
संगठन ने जिले के सभी सरकारी अस्पतालों का तत्काल फायर ऑडिट और इलेक्ट्रिकल सेफ्टी ऑडिट कराने की मांग की है. इसके अलावा एनआईसीयू, एसएनसीयू, आईसीयू और प्रसूति विभागों में उपयोग होने वाले जीवनरक्षक उपकरणों की सुरक्षा, कार्यक्षमता और रखरखाव की विशेष जांच किए जाने पर जोर दिया गया है. ज्ञापन में सभी सरकारी अस्पतालों में फायर सेफ्टी एसओपी (स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर) लागू करने तथा नियमित रूप से मॉक ड्रिल आयोजित करने की भी मांग की गई है. युवक कांग्रेस का कहना है कि आपातकालीन परिस्थितियों में नवजात शिशुओं को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के लिए विशेष इमरजेंसी इवैक्यूएशन प्रोटोकॉल तैयार किया जाना चाहिए. संगठन ने अग्निकांड में मृत नवजातों के परिजनों को तत्काल आर्थिक सहायता देने तथा घायल एवं उपचाराधीन बच्चों के इलाज का पूरा खर्च शासन द्वारा वहन किए जाने की भी मांग की है.
युवक कांग्रेस ने कहा कि भविष्य में ऐसी त्रासदियों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए जिला प्रशासन को तत्काल ठोस कदम उठाने चाहिए और इस संबंध में विस्तृत रिपोर्ट शासन को भेजी जानी चाहिए. संगठन ने चेतावनी दी कि यदि दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई और सुरक्षा व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो जनआंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा. ज्ञापन सौंपते समय युवक कांग्रेस के जिलाध्यक्ष राहुल येवले सहित विभिन्न पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित थे.

Back to top button