नदी में बैलगाड़ी पलटी; किसान और दो बैलों की दर्दनाक मौत

जलगांव /दि.12- कामधंधे के लिए घर से निकले एक मेहनतकश किसान को रास्ते में ही नियति ने घेर लेने वाली हृदयविदारक घटना जलगांव जिले में सामने आई है. गिरणा नदी के पात्र से बैलगाड़ी लेकर जाते समय पानी और गहरे गड्ढे का अंदाजा नहीं लगने से बैलगाड़ी पलट गई. इस भीषण हादसे में वडनगरी निवासी 55 वर्षीय किसान दिलीप रामभाऊ कल्याणकर की दो बैलों समेत पानी में डूबकर दर्दनाक मौत हो गई.
मिली जानकारी के अनुसार, वडनगरी निवासी दिलीप कल्याणकर (55) और उनके साथी चिंतामण नाईक रोज की तरह सरपंच दत्तू रामचंद्र पाटील के खेडी भोकर शिवार स्थित खेत में मजदूरी करने जा रहे थे. मंगलवार सुबह करीब 7:30 बजे उनकी बैलगाड़ी गिरणा नदी के पात्र से गुजर रही थी. नदी के भीतर मौजूद एक गहरे गड्ढे का अंदाजा नहीं लगने से अचानक बैलगाड़ी पलट गई.
बैलगाड़ी पलटते ही सूझबूझ दिखाते हुए चिंतामण नाईक ने पानी में छलांग लगा दी, जिससे उनकी जान बच गई. लेकिन दिलीप कल्याणकर को संभलने का मौका नहीं मिला. वह गाड़ी समेत गहरे पानी में फंस गए, जिससे उनकी डूबकर मौत हो गई. इस हादसे में गाड़ी से जुड़े दो बेजुबान बैल भी पानी में डूब गए और उनकी भी मौके पर ही मौत हो गई.





