लाडली बहना योजना से महाराष्ट्र की अर्थव्यवस्था डगमगाई

मनसे प्रमुख राज ठाकरे का दावा

* पीएम मोदी से पूछे सवाल
मुंबई /दि.13- महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के अध्यक्ष राज ठाकरे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक पत्र लिखकर लाडकी बहीण योजना को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं. उन्होंने दावा किया है कि इस योजना की वजह से महाराष्ट्र की अर्थव्यवस्था पर दबाव बढ़ गया है और राज्य आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है.
राज ठाकरे ने अपने पत्र में कहा है कि जिस रेवड़ी संस्कृति का कभी प्रधानमंत्री ने मजाक उड़ाया था, अब उन्हीं योजनाओं के जरिए चुनाव जीते जा रहे हैं. उनके अनुसार, लाडकी बहीण योजना के कारण राज्य की अर्थव्यवस्था कमजोर हो रही है और यह केवल चुनाव जीतने के लिए की गई बड़ी धनराशि की योजना है. राज ठाकरे ने यह भी सवाल उठाया कि अगर अर्थव्यवस्था वास्तव में कमजोर है तो क्या सरकार ऐसी रेवड़ियां बांटना बंद करेगी? उन्होंने पूछा कि क्या प्रधानमंत्री में यह कहने की हिम्मत होगी कि ऐसी योजनाएं रोकी जाएं.
उन्होंने कहा कि महिलाओं को सशक्त करने के बजाय उन्हें बहुत कम पैसे दिए जा रहे हैं और महंगाई के जरिए वही पैसा वापस ले लिया जाता है. यह खेल अब बंद होना चाहिए. राज ठाकरे ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा पेट्रोल, डीजल और सोने की खरीद में बचत करने की अपील पर भी सवाल उठाए. उन्होंने पूछा कि यह बात अभी क्यों याद आई, जबकि चुनाव प्रचार के दौरान भारी मात्रा में पेट्रोल-डीजल खर्च किया जाता है.
उन्होंने यह भी कहा कि देश के आम नागरिकों के लिए विदेश यात्रा पहले ही महंगी है और बहुत कम लोग ही इसे अफोर्ड कर सकते हैं. साथ ही उन्होंने दावा किया कि देश की अर्थव्यवस्था बाहर से मजबूत दिखती है लेकिन अंदर से कमजोर हो चुकी है. राज ठाकरे ने रुपया कमजोर होने और आरबीआई गवर्नरों के रुख पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि केवल अंतरराष्ट्रीय घटनाओं को जिम्मेदार ठहराना सही नहीं है. उन्होंने मांग की कि संसद में देश की आर्थिक स्थिति पर विस्तार से चर्चा हो और जनता को सच्चाई बताई जाए.

Back to top button