नागपुर से चोरी हुई बस अमरावती में बरामद

अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरफ्तार, राजापेठ पुलिस की कार्रवाई

* तेलंगाना का आरोपी बसों से बैटरी, टायर और अन्य पार्ट्स निकालकर बेचता था
* एक करोड़ 53 लाख की बस जब्त
अमरावती/दि.2 – राजापेठ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नागपुर के इमामवाड़ा बस स्टेशन से चोरी हुई एक निजी बस बरामद कर अंतरराज्यीय वाहन चोर को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी का नाम तेलंगना राज्य के रंगारेड्डी जिले के हैतनगर निवासी विष्णु गणपति नीलावर (23) है.
पुलिस के अनुसार, राजापेठ पुलिस स्टेशन के बीट मार्शल सारंग आदामे और विजय धुर्वे को सूचना मिली थी कि नागपुर से चोरी हुई शिवाई बस क्रमांक एमएच-49/बीझेड-8258 नंदा मार्केट क्षेत्र में खड़ी है और उसका चालक गद्रे चौक के पास मौजूद है. सूचना के आधार पर बीट मार्शल और राजापेठ डीबी टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बस और आरोपी को हिरासत में लेकर पुलिस थाने पहुंचाया. पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने 1 जुलाई की रात करीब 1 बजे नागपुर के इमामवाड़ा बस स्टेशन से चार्जिंग पर खड़ी बस चोरी की थी. आरोपी ने यह भी कबूल किया कि वह तेलंगना, आंध्र प्रदेश और महाराष्ट्र के विभिन्न क्षेत्रों से करीब 20 बसें चोरी कर चुका है. पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ नांदेड़ के वजीराबाद पुलिस थाना तथा आंध्र प्रदेश के तिरुमला सीसीएस पुलिस थाना में भी वाहन चोरी के मामले दर्ज हैं. आरोपी चोरी की बसों से बैटरी, टायर, डिस्क और अन्य महंगे पाट्स निकालकर बेच देता था. राजापेठ पुलिस ने करीब 1 करोड 53 लाख रुपए मूल्य की चोरी की बस जब्त कर ली है. इस प्रकरण में नागपुर के गणेशपेठ पुलिस स्टेशन में अपराध दर्ज होने के कारण आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए गणेशपेठ पुलिस के हवाले किया गया है. यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त राकेश ओला, उपायुक्त श्याम घुगे, सहायक पुलिस आयुक्त संजय खताले के मार्गदर्शन में थानेदार संदीप चव्हाण, उमेश मुंडे के नेतृत्व में सहायक निरीक्षक नितिन शिंदे, हेड कांस्टेबल मनीष करपे, पवन तिवारी, पंकज खटे, रवि लिखितकर, शशिकांत शेलके, अंकुश काले, प्रशांत बेलोकर, आकाश यादव, अमोल खंडेजोड, अर्जुन कदम, अमोल देशमुख, रफिक खान, यश ओगले, मंगेश कपिले, नरेश बावने, सारंग आदमने और विजय धुर्वे के दल ने की.

Back to top button