अभी तो सचिन अहिर आए हैं, अब उनकी क्रिकेट टीम भी आएगी,

शिंदे सेना के विधायक बच्चू कडू के बयान से बढ़ी सियासी हलचल

* सचिन अहिर के बाद ठाकरे गुट में फिर टूट के संकेत
मुंबई/दि.2- महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर दल-बदल और राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है. शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) गुट से विधान परिषद के उपसभापति बने सचिन अहिर के शिंदे गुट में शामिल होने के बाद अब और नेताओं के पार्टी छोड़ने की अटकलें लगाई जा रही हैं. इस बीच विधायक बच्चू कडू के एक बयान ने राजनीतिक गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी है.
पावस सत्र के दौरान ठाकरे गुट के छह सांसदों और एक विधायक के पार्टी छोड़ने के बाद सत्ताधारी गठबंधन के नेताओं द्वारा लगातार यह दावा किया जा रहा है कि आने वाले दिनों में और भी नेता शिंदे गुट का दामन थाम सकते हैं. हाल ही में शिंदे गुट में शामिल हुए सचिन अहिर ने भी ठाकरे गुट से कुछ और नेताओं के आने के संकेत दिए थे. अब इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए विधायक बच्चू कडू ने कहा, शिवसेना में सचिन अहिर आ गए हैं, अब उनकी क्रिकेट टीम भी आएगी. अब इसे संजय राऊत भी नहीं रोक सकते. कडू के इस बयान के बाद राजनीतिक अटकलों को और बल मिला है.
* संजय राऊत पर भी साधा निशाना
विधायक बच्चू कडू ने दावा किया कि ठाकरे गुट की मौजूदा स्थिति के लिए पार्टी सांसद संजय राऊत जिम्मेदार हैं. उन्होंने कहा कि पार्टी में जो कुछ भी हो रहा है, उसका ठीकरा राऊत पर फोड़ा जा रहा है और उनके कारण ही संगठन को नुकसान उठाना पड़ रहा है.
* सुनील शिंदे को लेकर भी अटकलें
राजनीतिक गलियारों में ठाकरे गुट के विधायक सुनील शिंदे के भी शिंदे गुट में शामिल होने की चर्चा है. हालांकि सुनील शिंदे ने इन अटकलों का खंडन किया है. इसके बावजूद बच्चू कडू ने संकेत दिए कि जो नेता अभी इनकार कर रहे हैं, वही आगे चलकर पार्टी बदल सकते हैं. उन्होंने कहा, नहीं कहने वाले नेता ही पहले आते हैं. आने वाले समय में कुछ और विधायक और सांसद भी शिवसेना में शामिल हो सकते हैं. जैसे-जैसे बारिश का जोर बढ़ेगा, वैसे-वैसे ‘ऑपरेशन टाइगर’ का असर भी बढ़ेगा.
बच्चू कडू के ताजा बयान के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में फिर से संभावित दल-बदल को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं. हालांकि ठाकरे गुट के नेताओं का कहना है कि पार्टी पूरी तरह एकजुट है और टूट की खबरें केवल राजनीतिक अफवाहें हैं.

Back to top button