गुप्त धन का प्रलोभन देकर भोंदू बाबा ने ऐंठे 3.75 लाख रुपए
आरोपी गिरफ्तार 13 तक रिमांड पर

यवतमाल /दि.11 – जिले के लोहारा थाना क्षेत्र में एक कथित भोंदू बाबा ने गुप्त धन दिलाने और धार्मिक अनुष्ठान के नाम पर एक परिवार से 3 लाख 75 हजार रुपए की जालसाजी की रहने का मामला प्रकाश में आया है. पुलिस ने नांदेड जिले के किनवट निवासी आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर सोमवार 13 जुलाई तक पुलिस रिमांड पर भेजा है. गिरफ्तार आरोपी का नाम संजय कवडेवार (45) है.
जानकारी के मुताबिक लोहारा निवासी सतीश सोपान पाटिल की शिकायत के मुताबिक उसका पोता लंबे समय से बीमार रहता था. इसी बात से परेशान सतीश पाटिल को अज्ञात महिला संजय कवडेवार से मिलने की सलाह दी. आरोपी ने दावा किया कि, शिकायतकर्ता के घर और खेत में बडी मात्रा में गुप्त धन दबा हुआ है. इस भोंदू बाबा ने सतीश पाटिल परिवार को विश्वास में लेकर धन प्राप्त करने के लिए विशेष पूजा-पाठ, जडी बुटी और धार्मिक अनुष्ठान करना आवश्यक रहने और ऐसा नहीं करने पर परिवार पर बडा संकट आने की बात कही. आरोपी ने पूजा के नाम पर शिकायतकर्ता से सोने की अंगूठी और नकद राशि एक पेटी में रखवाई तथा उसे घर के परिसर में जमीन में गाडने के लिए कहा. साथ ही उसने चेतावनी दी कि, यदि परिवार का कोई सदस्य इस पेटी को हाथ लगाएगा, तो उसकी जान को खतरा हो जाएगा. इसी अंधश्रद्धा और भय का लाभ उठाते हुए आरोपी ने बाद में पेटी से सोने की अंगूठी और नकद राशि निकाल ली. इस तरह उसने कुल 3 लाख 75 हजार रुपए की जालसाजी कर पाटिल परिवार को ठग लिया. जांच के बाद दोबारा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया. अपर पुलिस अधीक्षक अशोक थोरात, उपविभागीय पुलिस अधिकारी अमोल कोली के मार्गदर्शन में लोहारा के थानेदार रोहित चौधरी के नेतृत्व वाले दल ने यह कार्रवाई की.





