सीमेंट सडक से टूटा केबल
अर्जुन नगर में 50 परिवार रातभर अंधेरे में

* महावितरण के इंजीनियर और टीम ने तत्पर किया सुचारु
अमरावती/दि.22 – गाडगे नगर क्षेत्र के अर्जुन नगर में बुधवार रात सीमेंट सडक के काम के कारण भूमिगत केबल टूट जाने से बिजली खंडित हो गई और लगभग 50 उपभोक्ता सारी रात अंधेरे में रहे. महावितरण के इंजीनियर सोलंके और उनके साथ सहयोगियों ने सारी रात मरम्मत का कार्य किया. किंतु अगले दिन अर्थात गुरुवार दोपहर 12 बजे तक ही बिजली सप्लाई पूर्ववत हो सकी. यह जानकारी महावितरण के अधिकृत सूत्रों ने देते हुए ग्रीष्म के इन भीषण दिनों में रात-दिन महावितरण अधिकारी, अभियंता, कर्मचारी तत्पर रहने का दावा किया.
एमएसईबी अधिकारियों ने बताया कि, अर्जुन नगर में सीमेंट की सडक बनाने का काम चल रहा है. इसी के कारण बुधवार रात भूमिगत केबल टूट गया. जिसके कारण 50 से अधिक उपभोक्ताओं के घरों की बिजली खंडित हो गई. महावितरण के गाडगे नगर डिविजन -1 में शिकायत की गई. तुरंत सहायक अभियंता सोलंके और उनके आधा दर्जन सहयोगी पहुंचे. उन्होंने ठेका कर्मियों को भी साथ लिया था और आधी रात बीत जाने के बावजूद मरम्मत का काम तत्परता से शुरु किया. किंतु भूमिगत फाल्ट रहने से जल्दी मरम्मत नहीं हो पाई. महावितरण अधिकारियों ने बताया कि, देर रात तक काम करने के बाद भी सबेरे तक बिजली सप्लाई पूर्ववत नहीं की जा सकी. आखिर सीमेंट सडक के भूमिगत केबल का फाल्ट गुरुवार सुबह जॉइंट किया गया. रिपेरिंग में वक्त लगा. 5-7 घंटे परिश्रम पश्चात बिजली सप्लाई पूर्ववत हो सकी.
महावितरण अभियंता ने बताया कि, गर्मी के बावजूद दिन हो या रात कंपनी कर्मचारी और अधिकारी तत्पर है. लगातार काम कर रहे हैं. लोगों की शिकायत आते ही बिजली सप्लाई जल्द से जल्द शुरु करने की कोशिशें हो रही हैं. उन्होंने बताया कि, अभूतपूर्व धूप के कारण भयंकर गर्मी सभी झेल रहे हैं. बावजूद इसके महावितरण अधिकारी और कर्मी भी तेजी से, तत्परता से काम कर उपभोक्ताओं को भरपूर राहत देने का प्रयत्न कर रहे हैं.





