चंद्रपुर में बाघ का हमला

तेंदूपत्ता तोड़ने गई 4 महिलाओं की मौत

चंद्रपुर/दि.22 – जिले के सिंदेवाही तहसील के गुंजेवाही जंगल क्षेत्र में गुरुवार को दर्दनाक घटना सामने आई, जहां तेंदूपत्ता तोड़ने गई 13 महिलाओं पर बाघ ने हमला कर दिया. इस हमले में 4 महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य महिलाएं किसी तरह जान बचाकर भागने में सफल रहीं.
जानकारी के अनुसार, सभी महिलाएं समूह में जंगल में तेंदूपत्ता तोड़ने गई थीं. इसी दौरान अचानक बाघ ने उन पर हमला कर दिया. हमले के बाद महिलाओं में अफरा-तफरी मच गई और वे जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगीं. एक महिला किसी तरह गांव पहुंची और ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी. ग्रामीण जब जंगल पहुंचे तो वहां चार महिलाओं के शव पड़े मिले. मृतकों की पहचान कवडूबाई दादाजी मोहुरले, अनुबाई दादाजी मोहुरले, सुनीता कौशिक मोहुरले और संगीता संतोष चौधरी के रूप में हुई है. घटना के बाद बाघ जंगल की ओर भाग गया.
घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और बाघ की तलाश शुरू कर दी गई है. इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. ग्रामीणों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जंगल में जाने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और मृतकों के परिवारों को तत्काल सहायता देने की मांग की है. बताया जा रहा है कि पिछले कुछ महीनों में सिंदेवाही क्षेत्र में बाघों के हमलों की यह दूसरी बड़ी घटना है. बीते पांच महीनों में जिले में बाघों के हमलों में 15 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है, जिससे ग्रामीणों में भय और नाराजगी बढ़ती जा रही है.

Back to top button