चंद्रशेखर बावनकुले ही होंगे महाराष्ट्र के अगले मुख्यमंत्री
कांग्रेस नेता के बयान से बढी राजनीतिक चर्चा

नागपुर/दि.6 – महाराष्ट्र की राजनीति में उस समय नई चर्चा शुरू हो गई जब कांग्रेस नेता और नागपुर शहर अध्यक्ष प्रफुल्ल गुडधे पाटिल ने दावा किया कि राज्य के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ही महाराष्ट्र के अगले मुख्यमंत्री बनेंगे.
सोमवार को नागपुर में आयोजित एक पत्रकार वार्ता के दौरान मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए प्रफुल्ल गुडधे पाटिल ने यह दावा किया. उन्होंने कहा कि वर्तमान मंत्रिमंडल में चंद्रशेखर बावनकुले का स्थान दूसरे नंबर पर है और भविष्य में मुख्यमंत्री पद के लिए उनका नाम सबसे आगे हो सकता है. हालांकि, कांग्रेस नेता ने अपने इस दावे के समर्थन में कोई ठोस आधार या अतिरिक्त जानकारी सार्वजनिक नहीं की. उनके बयान के बाद राज्य की राजनीतिक हलकों में सत्ता परिवर्तन और संभावित नेतृत्व को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है. अब तक इस बयान पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. ऐसे में राजनीतिक विश्लेषकों की नजर भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की प्रतिक्रिया और पार्टी के आधिकारिक रुख पर बनी हुई है. फिलहाल मुख्यमंत्री पद को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा या निर्णय नहीं हुआ है. ऐसे में प्रफुल्ल गुडधे पाटिल के इस बयान को राजनीतिक टिप्पणी और अटकलों के रूप में देखा जा रहा है. आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं और तेज होने की संभावना जताई जा रही है.