यवतमाल में गुटखा माफिया के घर छापा

40 लाख रुपए का अवैध माल जब्त

यवतमाल/दि.6 – महाराष्ट्र में प्रतिबंधित गुटखे के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच यवतमाल शहर पुलिस के डीबी दल ने कार्रवाई करते हुए सिंधी कैंप, पलसवाड़ी क्षेत्र में कथित ‘गुटखा किंग’ के घर पर छापा मारकर 40 लाख रुपये से अधिक का अवैध गुटखा, सुगंधित तंबाकू और पैकिंग मशीनें जब्त की हैं.
पुलिस को गोपनीय जानकारी मिली थी कि आरोपी कुमार रामचंद्र ओछाणी के घर से बड़े पैमाने पर प्रतिबंधित गुटखे का अवैध कारोबार संचालित किया जा रहा है. सूचना के आधार पर डीबी टीम ने नंदूरकर स्कूल परिसर स्थित उसके घर पर छापा मारा. पुलिस की भनक लगते ही मुख्य आरोपी कुमार ओछाणी मौके से फरार हो गया, जबकि अलीम सलीम बेग उर्फ सोनू (निवासी मिटणापुर) को गिरफ्तार कर लिया गया. छापेमारी के दौरान घर और परिसर में खड़ी एक कार से बड़ी मात्रा में विभिन्न ब्रांडों का सुगंधित तंबाकू और गुटखा बरामद किया गया. जब्त सामग्री में बाजीराव, ईगल, पान पराग, माझा 108, बाबा सुगंधित तंबाकू और बाबा नवरत्न जैसे ब्रांड शामिल हैं. इतना अधिक माल बरामद हुआ कि उसे बाहर निकालने के लिए एक पूरा मेटाडोर वाहन लगाना पड़ा.
पुलिस ने मौके से गुटखे की सीलिंग और पैकिंग में इस्तेमाल होने वाली पैकलिफ्ट कंपनी की दो पैकिंग मशीनें भी जब्त की हैं. प्रारंभिक आकलन के अनुसार जब्त माल की कीमत 40 लाख रुपये से अधिक है और पूरी गिनती के बाद यह आंकड़ा और बढ़ सकता है. इस कार्रवाई के बाद यह सवाल भी उठ रहे हैं कि इतने लंबे समय से रिहायशी इलाके में अवैध कारोबार चलने के बावजूद स्थानीय पुलिस और खाद्य एवं औषधि प्रशासन को इसकी जानकारी क्यों नहीं मिली. शहर में कुछ पुलिसकर्मियों की संभावित मिलीभगत की भी चर्चा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. फरार मुख्य आरोपी कुमार रामचंद्र ओछाणी की तलाश के लिए विशेष पुलिस टीम गठित कर दी गई है. यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में डीबी दल ने की

Back to top button