बाढ के बीच स्वास्थ्य कर्मियों ने दिखाई बहादूरी
गर्भवति महिला को सुरक्षित निकाला

* गोंदिया जिले के सालेकसा तहसील की घटना
गोंदिया/दि.6 – लगातार हो रही बारिश और बाढ़ के बीच गोंदिया जिले के सालेकसा तहसील के भजेपार गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने साहस और तत्परता का परिचय देते हुए एक गर्भवती महिला को सुरक्षित बाहर निकालकर उसकी जान बचाई.
रविवार से जारी मूसलाधार बारिश के कारण कई गांवों का संपर्क टूट गया है और सड़कें जलमग्न हो गई हैं. सोमवार को भजेपार गांव की एक गर्भवती महिला की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलते ही जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अभिजीत गोल्हार के मार्गदर्शन में तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया. बाढ़ से घिरे इलाके तक पहुंचना बड़ी चुनौती थी, लेकिन स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बिना देर किए कार्रवाई की. समुदाय स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दिनेश कटरे, स्वास्थ्य सेविका विद्या बहेकार और आशा स्वयंसेविका विनूताई खांडवाये ने अपनी सुरक्षा की परवाह किए बिना बाढ़ग्रस्त क्षेत्र में प्रवेश किया. टीम ने तेज बहाव, जलमग्न रास्तों और प्रतिकूल मौसम के बीच गर्भवती महिला को सुरक्षित बाहर निकालकर आगे के उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया. इस त्वरित कार्रवाई से महिला और उसके गर्भस्थ शिशु की जान सुरक्षित बचाई जा सकी.
डॉ. दिनेश कटरे ने बताया कि बाढ़ के कारण संपर्क व्यवस्था पूरी तरह बाधित थी, लेकिन महिला और उसके होने वाले बच्चे की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता थी. इस घटना ने साबित किया कि ‘सभी के लिए स्वास्थ्य सेवा’ और ‘मेरा गांव, स्वस्थ गांव’ जैसी योजनाएं केवल कागजों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि स्वास्थ्य विभाग की टीम कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी लोगों तक सेवाएं पहुंचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. स्वास्थ्य कर्मियों की इस साहसिक कार्रवाई की ग्रामीणों और महिला के परिजनों ने सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया.





