ठाकरे गुट के सांसद एकनाथ शिंदे के संपर्क में होने की चर्चाओं को दी पुष्टि
अंबादास दानवे का बडा बयान

* कहा – अब इसे आधिकारिक रूप से स्वीकार करना चाहिए
मुंबई/दि.13 – शिवसेना उबाठा के विधायक अंबादास दानवे ने बड़ा बयान देते हुए कहा है कि पिछले दो वर्षों से यह चर्चा लगातार चल रही है कि पार्टी के कुछ सांसद एकनाथ शिंदे के संपर्क में हैं. अब बार-बार ऐसी चर्चाएं होने के बजाय इसे आधिकारिक रूप से स्वीकार कर लेना चाहिए.
मराठवाड़ा दौरे पर पहुंचे अंबादास दानवे ने कहा कि लोकसभा चुनाव हुए दो साल बीत चुके हैं और इस दौरान हर एक-दो महीने में यह चर्चा सामने आती रहती है कि कुछ सांसद एकनाथ शिंदे के संपर्क में हैं. कुछ नेता तो इस बारे में खुलकर बात भी कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि पार्टी को भी काफी बातें पता हैं, लेकिन अब इन चर्चाओं को आधिकारिक रूप से स्पष्ट किया जाना चाहिए. जब उनसे पूछा गया कि क्या ठाकरे गुट के सात सांसद शिंदे गुट में शामिल होने वाले हैं, तो दानवे ने यह टिप्पणी की. उनके इस बयान को उन चर्चाओं की पुष्टि के रूप में देखा जा रहा है, जिनमें कहा जा रहा है कि ठाकरे गुट के कुछ सांसद शिंदे के संपर्क में हैं.
* ओमराजे निंबालकर की अनुपस्थिति से बढ़ीं अटकलें
धाराशिव जिले में अंबादास दानवे की उपस्थिति में पार्टी पदाधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई थी. इस बैठक में विधायक कैलास पाटिल, विधायक प्रवीण स्वामी सहित कई पदाधिकारी मौजूद थे, लेकिन सांसद ओमराजे निंबालकर अनुपस्थित रहे. उनकी गैरहाजिरी के बाद राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं. जब दानवे से पूछा गया कि ओमराजे निंबालकर बैठक में क्यों नहीं आए, तो उन्होंने कहा कि संभवतः उन्हें कोई अन्य महत्वपूर्ण काम रहा होगा. उन्होंने यह भी बताया कि उसी समय निंबालकर के कार्यालय में भी एक बैठक आयोजित थी. हालांकि, एक ओर ऑपरेशन टाइगर की चर्चाएं चल रही हैं और दूसरी ओर ओमराजे निंबालकर का बैठक में अनुपस्थित रहना राजनीतिक चर्चाओं का विषय बन गया है. ठाकरे गुट के सात सांसदों के शिंदे गुट में जाने की अटकलों के बीच निंबालकर की गैरहाजिरी ने राजनीतिक हलकों में नई चर्चाओं और कयासों को जन्म दिया है.





