नागपुर में नायब तहसीलदार की खुदकुशी

पत्नी और बेटी गये थे विवाह समारोह में

नागपुर/दि.4- नागपुर जिले के हिंगणा में एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है. यहां एक नायब तहसीलदार ने आत्महत्या कर ली है. उन्होंने अपने ही आवासीय फ्लैट में फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर दी. यह पूरी घटना वानाडोंगरी की ग्रीन फील्ड सोसायटी में घटी.
* कौन है यह नायब तहसीलदार
मिली जानकारी के अनुसार, मृत नायब तहसीलदार का नाम वैभव रामेश्वर राठोड़ बताया जा रहा है. वैभव 42 वर्ष के थे. वे मौदा में कार्यरत थे. रविवार शाम को जब वे घर में अकेले थे, तब उन्होंने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. उस समय उनकी पत्नी और बेटी गांव में शादी समारोह के लिए गई हुई थीं. घर में अकेले होने पर उन्होंने दरवाजा अंदर से बंद कर यह कदम उठाया.
* बहन ने पुलिस को किया फोन
वैभव के घर का दरवाजा अंदर से बंद था. उनकी बहन ने दरवाजा खटखटाया और फोन भी किया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, जिससे उन्हें संदेह हुआ. इसके बाद बहन ने पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही एमआईडीसी पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया.
* बेडरूम में लटकी हुई अवस्था में मिला शव
पुलिस ने दरवाजा तोड़कर घर में प्रवेश किया तो वैभव का शव बेडरूम में फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला. यह दृश्य देखकर पुलिस भी हैरान रह गई. बताया जा रहा है कि वैभव पिछले कुछ दिनों से तनाव में थे. हालांकि आत्महत्या का स्पष्ट कारण अभी तक सामने नहीं आया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है. कमरे में कोई सुसाइड नोट या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है. पुलिस व्यक्तिगत, पेशेवर और आर्थिक पहलुओं की जांच कर रही है. उनके मोबाइल रिकॉर्ड भी जांच के लिए भेजे गए हैं. एमआईडीसी पुलिस स्टेशन ने पंचनामा किया है और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है. इस मामले में आकस्मिक मृत्यु की प्राथमिक रिपोर्ट दर्ज की गई है.

Back to top button