नागपुर-इंदौर वंदे भारत एक्सप्रेस में डॉक्टर ने बचाई टीटीई की जान

नागपुर /दि.11– नागपुर-इंदौर वंदे भारत एक्सप्रेस में तैनात टीटीई की अचानक तबीयत बिगडने पर एक डॉक्टर ने तुरंत उपचार कर उनकी जान बचाई. नागपुर निवासी डॉ. अनुप शर्मा निजी काम के सिलसिले में 9 जुलाई को ट्रेन क्रमांक 20912 नागपुर-इंदौर वंदे भारत एक्सप्रेस से सी-3 कोच में इंदौर जा रहे थे. यह ट्रेन नागपुर से छुटने के बाद पांढुर्णा और बैतूल के बीच सी-9 कोच में तैनात पश्चिम-मध्य रेलवे के रतलाम विभाग में कार्यरत टीटीई महेश त्यागी की अचानक तबीयत बिगड गई. उन्हें पसीना आ रहा था और सीने में दर्द भी हो रहा था. साथ ही चक्कर भी आ रहे थे. उनके सहकर्मी टीटीई ने ट्रेन में डॉक्टर की तलाश शुरु की.
इस बीच सी-3 कोच में यात्रा कर रहे डॉ. अनुप शर्मा से संपर्क होते ही उन्हें टीटीई त्यागी की स्थिति के बारे में उन्हें जानकारी दी गई. डॉ. शर्मा ने तुरंत सी-9 कोच में पहुंचकर त्यागी की जांच की और तुरंत एक्युप्रेशर दिया और साथ ही कुछ दवाईयां लिखकर दी. वंदे भारत एक्सप्रेस के बैतूल पहुंचते ही सहकर्मी टीटीई ने दवा मंगवाकर त्यागी को दी, जिसके बाद उनकी तबीयत में सुधार हुआ. रात 9.30 बजे डॉ. शर्मा ने फिर से टीटीई त्यागी की जांच की और उनकी स्थिति ठीक बताई. डॉ. शर्मा की समय पर मदद के लिए टीटीई त्यागी और यात्रियों ने उनका आभार व्यक्त किया.

Back to top button