वाशिम से डॉ. सिद्धार्थ देवले की उम्मीदवारी घोषित
उद्धव ठाकरे ने बागी सांसद संजय देशमुख के क्षेत्र में किया बडा ऐलान

वाशिम /दि.27- शिवसेना उबाठा के प्रमुख उद्धव ठाकरे ने आगामी चुनावों की तैयारी का आगाज करते हुए अपना पहला उम्मीदवार घोषित कर दिया है. वाशिम-यवतमाल दौरे के दौरान उन्होंने वाशिम विधानसभा सीट से डॉ. सिद्धार्थ देवले को पार्टी का उम्मीदवार घोषित किया.
राज्य में छह सांसदों की बगावत के बाद उद्धव ठाकरे बागी सांसदों के संसदीय क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं. इसी क्रम में वाशिम-यवतमाल लोकसभा क्षेत्र पहुंचे ठाकरे ने बागी सांसद संजय देशमुख पर तीखा हमला बोला. सभा को संबोधित करते हुए उद्धव ठाकरे ने कहा, गद्दारी सिर्फ मेरे साथ नहीं, हिंदुत्व के साथ हुई है. राम मंदिर का मुद्दा और जनता के साथ हुई गद्दारी को हम कभी नहीं भूलेंगे. उन्होंने कहा कि पार्टी जनता के बीच जाकर बागी नेताओं का राजनीतिक जवाब देगी. वाशिम से डॉ. सिद्धार्थ देवले की उम्मीदवारी की घोषणा को शिवसेना (उद्धव गुट) के चुनाव अभियान की पहली बड़ी राजनीतिक घोषणा माना जा रहा है. उल्लेखनीय है कि ‘ऑपरेशन टाइगर’ के बाद शिवसेना (उद्धव गुट) के छह सांसद पार्टी छोड़ चुके हैं. इसके बाद उद्धव ठाकरे ने बागी सांसदों के क्षेत्रों में जनसभाओं का सिलसिला शुरू किया है, जिसके तहत वाशिम में यह बड़ी घोषणा की गई.





