मनपा आयुक्त ने गाडगेनगर, नवसारी कचरा स्थल और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का किया निरीक्षण

संबंधित विभागों को आपसी समन्वय रख कार्य करने के दिये निर्देश

अमरावती/दि.17- अमरावती महानगरपालिका के आयुक्त डॉ. मंगेश गोंदावले ने गुरुवार को गाडगेनगर क्षेत्र, नवसारी स्थित कचरा संकलन स्थल (कचरा स्पॉट) तथा नवसारी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण कर स्वच्छता, कचरा प्रबंधन और विकास कार्यों की समीक्षा की. उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ योजनाबद्ध तरीके से कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए.
निरीक्षण की शुरुआत गाडगेनगर में संत गाडगेबाबा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर की गई. इस दौरान पीडीएमसी प्रभाग के नगरसेवक प्रमोद महल्ले ने सभी नगरसेवकों की ओर से आयुक्त का स्वागत किया. नगरसेवकों ने क्षेत्र की स्वच्छता, आधारभूत सुविधाओं और विकास कार्यों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं से आयुक्त को अवगत कराया. इस पर डॉ. गोंदावले ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई कर समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए. इसके बाद आयुक्त ने क्षेत्र की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि संत गाडगेबाबा के स्वच्छता के विचारों को अपनाते हुए शहर के प्रत्येक क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर और स्वास्थ्यकर बनाए रखना मनपा के साथ-साथ नागरिकों की भी सामूहिक जिम्मेदारी है.
नवसारी स्थित कचरा संकलन स्थल के निरीक्षण के दौरान उन्होंने कचरा संग्रहण, निस्तारण और प्रबंधन की व्यवस्था की समीक्षा की. उन्होंने निर्देश दिए कि कहीं भी कचरे का ढेर न लगे, गंदगी न फैले और नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो. इसके लिए नियमित निगरानी रखने और कचरा प्रबंधन प्रणाली को अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाने पर जोर दिया. इसके पश्चात आयुक्त ने नवसारी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया और लंबित कार्यों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्वक पूरा करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि नागरिकों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा.
अधिकारियों के साथ बैठक में डॉ. गोंदावले ने स्वच्छता अभियान और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों में विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर बल दिया. उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्य की स्पष्ट जिम्मेदारी तय कर नियमित समीक्षा के साथ समयबद्ध तरीके से काम पूरा किया जाए. उन्होंने चेतावनी दी कि शहर की स्वच्छता, कचरा प्रबंधन और सार्वजनिक सुविधाओं के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से जिम्मेदारीपूर्वक कार्य कर अमरावती को स्वच्छ, सुंदर और सुविधासंपन्न शहर बनाने में योगदान देने का आह्वान किया. निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त आयुक्त शिल्पा नाईक, उपायुक्त भाग्यश्री बोरेकर, सहायक आयुक्त नंदकिशोर तिखिले, डॉ. अजय जाधव, श्वेता बोके सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, नगरसेवक, स्वास्थ्य निरीक्षक, ठेकेदार प्रतिनिधि तथा मनपा कर्मचारी उपस्थित रहे.

Back to top button