विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में खेलों की अहम भूमिका- डॉ. कमलाकर पायस

डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर कॉलेज में फेंसिंग लीग प्रतियोगिता को मिला शानदार प्रतिसाद

* 72 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
अमरावती/दि.17- श्री दादासाहेब गवई चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा संचालित डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर महाविद्यालय में सामाजिक पखवाड़े के अंतर्गत स्मृतिशेष दादासाहेब गवई की पुण्यतिथि एवं डॉ. कमलाताई गवई के 84वें जन्मदिवस के उपलक्ष्य में फेंसिंग लीग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. प्रतियोगिता में अमरावती जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के 72 खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.
महाविद्यालय के इनडोर स्टेडियम में आयोजित प्रतियोगिता का उद्घाटन संस्था के सचिव एवं प्राचार्य डॉ. कमलाकर पायस ने किया, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. प्रशांत खेडकर ने की. प्रतियोगिता का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ. प्रतियोगिता अंडर-14, अंडर-17, अंडर-19 और सीनियर वर्ग में आयोजित की गई. खिलाड़ियों ने तेज गति, सटीक तकनीक, अनुशासन और खेल भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया. इस अवसर पर डॉ. कमलाकर पायस ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ खेलों में सहभागिता भी आवश्यक है. फेंसिंग जैसे खेल शारीरिक क्षमता, मानसिक संतुलन, आत्मविश्वास और निर्णय लेने की क्षमता विकसित करते हैं तथा विद्यार्थियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर प्रदान करते हैं.
अध्यक्षीय संबोधन में डॉ. प्रशांत खेडकर ने कहा कि खेल व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं और ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, धैर्य तथा टीम भावना का विकास करते हैं. वहीं आयोजन प्रभारी एवं शारीरिक शिक्षा निदेशक डॉ. सुनील कुमार ने कहा कि फेंसिंग आधुनिक अंतरराष्ट्रीय खेल है, जो युवाओं में प्रतिस्पर्धात्मक भावना और आत्मविश्वास विकसित करता है. प्रतियोगिता के सफल आयोजन में महाविद्यालय के प्राध्यापकों, शिक्षकेत्तर कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों का विशेष सहयोग रहा. कार्यक्रम को खिलाड़ियों, अभिभावकों और खेल प्रेमियों ने सराहा.

Back to top button