नीलगाय शिकार गिरोह का भंडाफोड़, एक आरोपी गिरफ्तार
तीन वाहन और मांस जब्त

नागपुर /दि.17- नागपुर वन विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में उत्तर उमरेड वन परिक्षेत्र के मौजा ऊटी में वन्यजीव शिकार के एक मामले का पर्दाफाश किया गया. कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि उसके अन्य साथी मौके से फरार हो गए.
वन विभाग के अनुसार, 15 जुलाई की तड़के नियमित गश्त के दौरान संदिग्ध गतिविधियां दिखाई देने पर टीम ने घेराबंदी की और अभिषेक उर्फ अभिषेक पुनाराम अडोले (38), निवासी हेवती, तहसील उमरेड को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया. मौके पर लगभग चार वर्ष की एक नर नीलगाय मृत अवस्था में मिली, जिसे गोली मारकर शिकार किया गया था. आरोपी उसके शरीर के अंग, खाल और मांस काटकर ले जाने की तैयारी कर रहे थे. वन विभाग ने मौके से शिकार किया गया मांस तथा वारदात में प्रयुक्त एक स्कूटी, एक मोटरसाइकिल और एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल जब्त कर ली. आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. फरार आरोपियों की तलाश जारी है.





