मनपा में ‘जोन सभापति’ के चुनाव कल

क्या सभी पांच सभापति पद निर्विरोध चुने जाएंगे?

अमरावती/दि.28- अमरावती मनपा के पांचों जोन सभापति पदों के लिए 29 अप्रैल को चुनाव होने जा रहे हैं. इस बार चुनाव से पहले ही राजनीतिक समीकरण तेजी से बनते-बिगड़ते नजर आ रहे हैं. महायुति का दबदबा स्पष्ट दिखाई दे रहा है और सभी पांचों जोन में सभापति पदों को निर्विरोध चुनने के लिए अंदरखाने जोरदार कोशिशें चल रही हैं.
चुनाव प्रक्रिया स्व. सुदामकाका देशमुख हॉल में जिलाधिकारी आशीष येरेकर की अध्यक्षता में संपन्न होगी. प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं, वहीं राजनीतिक दल अपने-अपने उम्मीदवारों के समर्थन में रणनीति बनाने में जुटे हुए हैं.

* किसे मिल सकता है कौन सा जोन?
मिली जानकारी के अनुसार, जोन 1 और जोन 2 पर भारतीय जनता पार्टी का दावा मजबूत माना जा रहा है. जोन 3 में महायुति के किसी सहयोगी दल को मौका मिल सकता है. बडनेरा (जोन 4) में युवा स्वाभिमान पार्टी की मजबूत स्थिति के चलते यहां उसका सभापति बनने की संभावना जताई जा रही है. वहीं, भाजी बाजार क्षेत्र (जोन 5) में संख्या बल के आधार पर एमआईएम को सभापति पद मिलने के संकेत हैं.
सूत्रों के अनुसार, सभी दलों के गुट नेता के बीच इस बात पर सहमति बनाने की कोशिश है कि मिनी महापौर (जोन सभापति) का चुनाव संख्या बल के आधार पर ही किया जाए, ताकि टकराव से बचा जा सके.

* जिलाधिकारी की मौजूदगी में होगी प्रक्रिया
बुधवार को होने वाली विशेष बैठक में जिलाधिकारी आशीष येरेकर खुद अध्यक्षता करेंगे. इस दौरान नामांकन, समर्थन और अंतिम चयन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी.

* जोन 5 में एमआईएम मजबूत
जोन नंबर 5 भाजी बाजार में कुल 18 पार्षद हैं, जिनमें एमआईएम के 9 सदस्य हैं. ऐसे में यहां एमआईएम का सभापति बनना लगभग तय माना जा रहा है.

* जोननिहाय स्थिति
– जोन 1 (रामपुरी कैंप): यहां भाजपा के पार्षद सबसे ज्यादा हैं, जिससे उसका दावा मजबूत है. अन्य दलों में कांग्रेस, राकांपा (अजीत पवार गुट), शिवसेना (शिंदे गुट), शिवसेना (उद्धव गुट) और युवा स्वाभिमान पार्टी के पार्षद शामिल हैं.
– जोन 2 (राजापेठ): यहां भी भाजपा की स्थिति मजबूत है. युवा स्वाभिमान, राकांपा (अजीत पवार) और शिंदे गुट की मौजूदगी है, लेकिन संख्या के आधार पर भाजपा आगे है.
– जोन 3 (दस्तूरनगर): यहां मुकाबला दिलचस्प है. कांग्रेस के 5, राकांपा (अजीत पवार) के 4, भाजपा के 4, बसपा के 3 और युवा स्वाभिमान का 1 पार्षद है. ऐसे में यह जोन महायुति के सहयोगी दल को दिया जा सकता है.
– जोन 4 (बडनेरा): यहां युवा स्वाभिमान पार्टी के 7 पार्षद हैं, जो इसे सबसे मजबूत बनाते हैं. भाजपा, एमआईएम और शिवसेना के विभिन्न गुटों की मौजूदगी भी है, लेकिन बढ़त युवा स्वाभिमान की है.
– जोन 5 (भाजी बाजार): एमआईएम के 9 पार्षदों के चलते यहां उसका दावा सबसे मजबूत है. कांग्रेस, युवा स्वाभिमान, भाजपा और वंचित बहुजन आघाड़ी के पार्षद भी मौजूद हैं, लेकिन संख्या -एमआईएम के पक्ष में है.

* निर्विरोध चुनाव की कोशिश
राजनीतिक क्षेत्र में यह चर्चा जोरों पर है कि सभी पांचों जोन सभापति पदों को निर्विरोध चुनने की कोशिश की जा रही है. अगर दलों के बीच सहमति बनती है, तो यह चुनाव बिना मतदान के भी संपन्न हो सकता है. अब सबकी नजर 29 अप्रैल को होने वाली बैठक पर टिकी है, जहां यह तय होगा कि यह जोन बैटल मुकाबले में बदलेगा या फिर सहमति से सभी पद भर दिए जाएंगे.

Back to top button