मिसिंग लिंक पर विपक्ष को फडणवीस का जवाब

‘मुझे बदनाम करें, लेकिन महाराष्ट्र को नहीं’

* मुंबई के लिए 13 हजार करोड़ की बाढ़ नियंत्रण योजना
मुंबई /दि.8- महाराष्ट्र विधानसभा में मुंबई और मुंबई महानगर क्षेत्र में हुई भारी बारिश, बाढ़ की स्थिति, मिसिंग लिंक परियोजना और बुनियादी ढांचे पर हुई चर्चा का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा, मुझे बदनाम करें, मेरी आलोचना करें, लेकिन महाराष्ट्र को बदनाम मत करें. साथ ही मुंबई में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए 13 हजार करोड़ रुपये की एकीकृत बाढ़ नियंत्रण योजना तैयार किए जाने की जानकारी दी.
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष सिर्फ छह दिनों में मुंबई में पूरे मानसून का लगभग 42 प्रतिशत बारिश दर्ज की गई, जो एक असाधारण स्थिति थी. कुलाबा में 882 मिमी और सांताक्रूज़ में 988 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, जो जुलाई की औसत वर्षा से भी अधिक है. उन्होंने कहा कि तेज बारिश के साथ 50 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं और करीब चार मीटर ऊंचा ज्वार आने से हालात और गंभीर हो गए. इसी कारण कई स्थानों पर पेड़ गिरे और हादसे हुए. उन्होंने मृतकों के प्रति शोक व्यक्त करते हुए मुंबई महानगरपालिका को खतरनाक पेड़ों और जर्जर इमारतों के संबंध में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं.
* 13 हजार करोड़ की बाढ़ नियंत्रण योजना
फडणवीस ने बताया कि मुंबई को जलभराव से राहत देने के लिए 13 हजार करोड़ रुपये की एकीकृत फ्लड कंट्रोल योजना केंद्र सरकार को मंजूरी के लिए भेजी गई है. इस योजना के तहत शहर के 370 बाढ़ प्रभावित हॉटस्पॉट समाप्त किए जाएंगे. इसके अलावा ऐसी आधुनिक प्रणाली विकसित की जाएगी, जिससे ज्वार के समय भी 30 मिनट के भीतर बारिश का पानी निकाला जा सके.
* मिसिंग लिंक परियोजना पर विपक्ष को जवाब
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली महाविकास आघाड़ी सरकार ने 14 कारण बताते हुए मिसिंग लिंक परियोजना की फाइल बंद कर दी थी, जबकि महायुति सरकार ने विशेषज्ञों से चर्चा कर परियोजना पूरी कर दिखाई. उन्होंने कहा कि यह केवल एक सड़क नहीं, बल्कि इंजीनियरिंग का चमत्कार है. उन्होंने बताया कि हाल ही में हुई भूस्खलन की घटना में चट्टान पानी की संरचना पर गिरी थी, लेकिन केबल-स्टे पुल और सुरंग को कोई नुकसान नहीं पहुंचा. आपातकालीन व्यवस्था सक्रिय होने से तीन मिनट में राहत टीम पहुंच गई और कई लोगों की जान बचाई गई. महज 18 घंटे में यातायात भी बहाल कर दिया गया.
* मुझे गालियां दें, लेकिन महाराष्ट्र को बदनाम न करें
विपक्ष पर निशाना साधते हुए फडणवीस ने कहा कि कुछ लोगों ने यह प्रचार किया कि हजारों करोड़ रुपये की परियोजना बह गई, जबकि वास्तविकता यह नहीं थी. उन्होंने कहा, मुझे गालियां दें, मेरी आलोचना करें, लेकिन महाराष्ट्र को बदनाम मत करें. दस साल बाद मैं या एकनाथ शिंदे नहीं होंगे, लेकिन यह कनेक्टिंग लिंक हमेशा रहेगी.
* मुंबई की सड़कें और पानी की व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने बताया कि मुंबई की 2050 किलोमीटर सड़कों में से 1913 किलोमीटर (करीब 95 प्रतिशत) सड़कों को कंक्रीट का बनाया जा रहा है. परियोजना को मई 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. उन्होंने दावा किया कि सड़कों के गड्ढे भरने पर होने वाला खर्च लगातार कम हुआ है. इसके अलावा उन्होंने बताया कि 2030 तक मुंबई को प्रतिदिन 1000 एमएलडी अतिरिक्त पानी उपलब्ध कराने के लिए गारगाई परियोजना और मनोरी-वर्सोवा में समुद्री जल को मीठा बनाने (डिसैलिनेशन) की परियोजनाओं पर काम चल रहा है. मुख्यमंत्री ने सरकारी खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने के लिए जेम पोर्टल के उपयोग से करोड़ों रुपये की बचत होने का भी दावा किया तथा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल के बयान पर भी तंज कसते हुए कहा कि कुछ नेताओं के बयान समझ से परे हैं.

Back to top button