ढोंगी बाबा ने मासूम को दांतों से उठाकर घुमाया
अकोला में अंधविश्वास की हद, वीडियो वायरल

अकोला/दि.22 – अकोला जिले में अंधविश्वास का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है. मूर्तिजापुर तहसील के निंबा गांव में एक कथित ढोंगी बाबा द्वारा मासूम बच्चे पर खतरनाक और अमानवीय ‘उपचार’ किए जाने का वीडियो वायरल हुआ है, जिससे पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी बाबा ने बच्चे को अपने दांतों से उठाकर हवा में घुमाया और फिर उसे उल्टा-पलटा कर तथाकथित उपचार करने का प्रयास किया. इस दौरान बच्चा रोता रहा, लेकिन वहां मौजूद लोग मूकदर्शक बने रहे, जो घटना को और भी गंभीर बनाता है. इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन से तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है. बताया जा रहा है कि यह कृत्य अंधविश्वास के चलते किया गया, जिससे बच्चे की जान को गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया.
मूर्तिजापुर क्षेत्र के इस मामले ने एक बार फिर समाज में व्याप्त अंधश्रद्धा पर सवाल खड़े कर दिए हैं. विशेषज्ञों का मानना है कि जागरूकता की कमी और अंधविश्वास के कारण ऐसे खतरनाक कृत्य सामने आते हैं, जिनका खामियाजा मासूम बच्चों को भुगतना पड़ता है. मामले की जानकारी मिलते ही प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के संकेत दिए हैं. वहीं, नागरिकों से अपील की जा रही है कि वे ऐसे अंधविश्वासी और खतरनाक तरीकों से दूर रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें.





