फर्जी शासकीय बाल कामगार दल के सदस्यों ने फैक्ट्री संचालक को ठगा

कार्रवाई की धमकी देकर 1.15 लाख रुपए वसूले

अमरावती /दि.25- शहर के खंडेलवाल नगर स्थित एक पानी की बोतल बनाने वाली फैक्ट्री में खुद को शासकीय बाल कामगार दल के सदस्य बताकर पहुंचे चार लोगों द्वारा फैक्ट्री संचालक से 1.15 लाख रुपए वसूलने का मामला सामने आया है. शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार अभिजीत राजाभाउ आबदेव (42) नामक व्यवसायी अपनी फैक्ट्री माउली इंड्रस्ट्रीज, शुभम लेआउट, खंडेलवाल नगर, अमरावती में पानी की बोतल का प्लांट संचालित करता है. घटना के समय एक ग्रे रंग की रेनॉल्ट क्विड कार फैक्ट्री के पास आकर रुकी. कार से चार लोग उतरे, जिनमें एक 50 वर्षीय व्यक्ति ने काली सफारी जैकेट पहन रखी थी. दूसरा सफेद शर्ट और नीली जींस में लगभग 40 वर्ष का था, तीसरा चेक शर्ट और भूरी पैंट में 35 से 38 वर्ष का बताया गया, जबकि चौथी एक महिला थी जिसने पीली साड़ी पहन रखी थी और उसकी उम्र करीब 45 वर्ष बताई गई.
आरोपियों ने खुद को शासकीय बाल कामगार दल के सदस्य बताते हुए कहा कि उन्हें सूचना मिली है कि फैक्ट्री में बाल मजदूर काम कर रहे हैं. इसी दौरान कंपनी के अमित जोंधले को कार्रवाई की धमकी दी. आरोप है कि आरोपियों ने कहा कि यदि पैसे नहीं दिए गए तो फैक्ट्री सील कर दी जाएगी और कानूनी कार्रवाई की जाएगी. डर के चलते व्यवसायी अभिजीत आबदे ने आरोपियों द्वारा दिए गए मोबाइल नंबर 899902871 पर गूगल पे के माध्यम से 15 हजार रुपये ट्रांसफर किए. इसके बाद आरोपियों ने फैक्ट्री के फीस काउंटर से 1 लाख रुपए नकद भी निकाल लिए और वहां से फरार हो गए. अभिजीत आबदे की शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज और वाहन नंबर के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है.

Back to top button