दुर्गा उत्सव के नाम पर 18 लाख रुपए की कथित धोखाधडी
कंपनी के अकाउंटंट पर मामला दर्ज

अमरावती/दि.25 – टेक्नोक्राफ्ट टेक्सटाइल इंडस्ट्री में दुर्गा उत्सव के नाम पर लाखों रुपये की कथित आर्थिक गड़बड़ी का मामला सामने आया है. शिकायतकर्ता ने कंपनी के एक अधिकारी पर त्यौहार के लिए जमा की गई राशि का हिसाब नहीं देने और रकम हड़पने का आरोप लगाया है.कंपनी के वाइस प्रेसिडेंट तुषार त्र्यंबर व्यवहारे (56) की शिकायत पर अर्जुन नगर निवासी वैभव अभय बमरोटवार (40) के खिलाफ जालसाजी का मामला दर्ज किया गया है.
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता तुषार व्यवहारे यह पिछले चार वर्षों से टेक्नोक्राफ्ट टेक्स्टाइल इंड्रस्ट्रीज मुंबई मुरबाड में वाइस प्रेसिडेंट के पद पर कार्यरत है. कंपनी की एक शाखा नांदगांव पेठ एमआईडीसी क्षेत्र में स्थित है, जहां रेडीमेड कपड़ों का उत्पादन एवं संबंधित कार्य किया जाता है. कंपनी में कपड़े और धागे का निर्माण किया जाता है. शिकायत में बताया गया है कि वर्ष 2022 से 2025 तक कंपनी में प्रतिवर्ष दुर्गा उत्सव का आयोजन किया जाता रहा. उत्सव के आयोजन और खर्च के लिए आरोपी वैभव बमरोटवार के पास अलग अकाउंट रखा गया था और उसी के पास उत्सव के पैसों का हिसाब रहता था. वर्ष 2024 में डोनेशन के रूप में कुल 9 लाख 19 हजार 574 रुपये जमा किए गए थे. आरोप है कि उक्त राशि का पूरा हिसाब कंपनी में वैभव द्वारा प्रस्तुत नहीं किया गया.
इसके अलावा वर्ष 2024 और 2025 के दौरान भी त्यौहार के खर्च से संबंधित हिसाब वैभव बमरोटवार ने नहीं दिया और वह पैसा कंपनी में जमा नहीं किया. शिकायतकर्ता का कहना है कि जमा की गई रकम कंपनी के खाते में जमा होना अपेक्षित था, लेकिन ऐसा नहीं किया गया. मामले में कुल 18 लाख रुपये की धोखाधड़ी किए जाने का आरोप लगाया गया है. शिकायत के आधार पर पुलिस ने वैभव बमरोटवार के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि त्यौहार के नाम पर एकत्र की गई राशि का उपयोग कहां और किस प्रकार किया गया.





