पुरानी रंजिश के चलते पिता-पुत्रों ने युवक को उतारा मौत के घाट
हत्याकांड के तीनों आरोपी गिरफ्तार

* खोलापुरी गेट थाना क्षेत्र के झंडा चौक मालीपुरा परिसर की घटना
* मृतक का साथी गंभीर रुप से घायल, क्राइम ब्रांच की कार्रवाई
अमरावती/दि.18 – पुरानी दुश्मनी के चलते रविवार 17 मई की रात एक 22 वर्षीय युवक की पिता-पुत्रों ने मिलकर चाकू से सपासप वार कर हत्या कर दी गई. जबकि एक युवक गंभीर रुप से घायल हो गया. इस हत्याकांड के बाद कुछ ही मिनटों में तीनों आरोपियों को शहर के विभिन्न परिसरों से गिरफ्तार कर लिया गया. यह सनसनीखेज घटना खोलापुरी गेट थाना क्षेत्र के मालीपुरा परिसर के झंडा चौक में घटित हुई. मृतक युवक का नाम मालीपुरा निवासी तेजस श्रीकृष्ण बिलबिले (22) है. जबकि जख्मी युवक का नाम कार्तिक बोरुडे (25) है. गिरफ्तार आरोपियों के नाम मालीपुरा निवासी आकाश राजू बेलसरे (27), वैभव राजू बेलसरे (25) और राजू उत्तमराव बेलसरे (58) है.
जानकारी के मुताबिक खोलापुरी गेट थाना क्षेत्र के मालीपुरा स्थित झंडा चौक परिसर में रविवार 17 मई की रात 10 बजे तेजस बिलबिले नामक युवक खाना खाने के बाद हर दिन की तरह झंडा चौक पर अपने दोस्तों के साथ बैठकर बातचीत कर रहा था. इसी दौरान आरोपी आकाश बेलसरे अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और पुरानी रंजिश को लेकर विवाद शुरु हो गया. बताया जा रहा है कि, उस समय आकाश के साथ उसका छोटा भाई और पिता भी मौजूद थे. विवाद के दौरान आकाश बेलसरे ने अचानक चाकू निकालकर तेजस के सीने में घोंप दिया. चाकू से हमला होते हुए तेजस का साथी कार्तिक बोरुडे बीचबचाव करने के लिए गया. तब आरोपी ने उसके सीने पर भी चाकू से हमला कर दिया. घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी वहां से भाग गये. परिसर के नागरिकों ने जख्मी आकाश और कार्तिक को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया. लेकिन दोनों की हालत गंभीर रहने से उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल में रेफर किया गया. वहां उपचार के दौरान तेजस बिलबिले की मृत्यु हो गई. जबकि कार्तिक बोरुडे पर उपचार जारी है. बताया जा रहा है कि, पिछले दो-तीन दिनों से मृतक और आरोपियों के बीच आपसी रंजिश चल रही थी. सोशल मीडिया पर भाईगिरी और विवादित स्टेटस पोस्ट किये जाने से दोनों पक्षों के बीच तनाव लगातार बढता जा रहा था. इसी दुश्मनी के चलते यह हत्याकांड घटित हुआ. घटना की जानकारी मिलते ही खोलापुरी गेट पुलिस का दल घटनास्थल पहुंचा. क्राइम ब्रांच और फोरेंसिंग दल ने घटनास्थल का जायजा किया. पंचनामा कर मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल पहुंचा दिया गया. खोलापुरी गेट पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरु की. क्राइम ब्रांच के निरीक्षण संदीप चव्हाण के नेतृत्व वाले दल ने फरार आरोपियों की जानकारी प्राप्त कर उन्हें कुंड सर्जापुर, वडाली और मालटेकडी परिसर से गिरफ्तार कर लिया.
* इन लोगों ने की कार्रवाई
तेजस बिलबिले की हत्या के बाद फरार हुए पिता-पुत्रों को क्राइम ब्रांच के दल ने कुछ ही घंटों में दबोच लिया. यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त राकेश ओला, उपायुक्त गणेश शिंदे, श्याम घुगे, रमेश धुमाल, सहायक आयुक्त शिवाजी बचाटे के मार्गदर्शन में निरीक्षण संदीप चव्हाण के नेतृत्व में सहायक निरीक्षक मनीष वाकोडे, महेश इंगोले, दशरथ आडे, पीएसआई गजानन सोनुने, हेड कांस्टेबल सुनील लासुरकर, फिरोज खान, सतीश देशमुख, दीपक सुंदरकर, गजानन ढेवले, मनोज ठोसर, सचिन बहाले, मंगेश परिमल, आस्तिक देशमुख, जहीर शेख, मंगेश लोखंडे, निर्जा नईम बेग, नाजीमउद्दीन सैयद, संभाजी केंद्रे, विकास गुडधे, अतुल संभे, विशाल वाकपांजर, सागर ठाकरे, रणजीत गावंडे, राजीक रायलीवाले, सूरज चव्हाण, निखिल गेडाम, योगेश पवार, चेतन गुल्हाने, चालक चेतन शर्मा, राहुल दुबे, संदीप खंडारे, सुयोग कालबांडे के दल ने की.





