बेटे को बचाने गए पिता की मौत, मां ने भी लगाई छलांग
छत्रपति संभाजीनगर में दर्दनाक हादसा

* परिवार के तीन सदस्यों की मौत
छत्रपति संभाजीनगर/दि.21 – जिले के वालूज इलाके में स्थित खवड्या पहाड़ी पर शुक्रवार को एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई. बेटे को आत्महत्या से रोकने के लिए पहाड़ी पर पहुंचे पिता और बेटे दोनों की नीचे गिरने से मौत हो गई. इसके बाद पति और बेटे को पहाड़ी से गिरता देख मां ने भी छलांग लगा दी. इस हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई. मृतकों की पहचान कुणाल मुरलीधर चांदवडे, मुरलीधर चांदवडे और संगीता चांदवडे के रूप में हुई है. घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है.
जानकारी के अनुसार, कुणाल आत्महत्या करने के इरादे से खवड्या पहाड़ी पर पहुंचा था. इसकी सूचना मिलने के बाद पुलिस और कुछ नागरिक भी मौके पर पहुंचे थे. कुणाल पहाड़ी के किनारे खड़ा था. उसे बचाने के लिए उसके पिता मुरलीधर चांदवडे भी पहाड़ी पर पहुंचे और उसे समझाने तथा रोकने का प्रयास किया. इसी दौरान कुणाल का धक्का लगने से दोनों का संतुलन बिगड़ गया और दोनों पहाड़ी से नीचे गिर गए. कुछ ही देर बाद कुणाल और अपने पति को नीचे गिरता देख संगीता चांदवडे भी भावुक हो गईं और उन्होंने भी पहाड़ी से छलांग लगा दी.
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. हादसे में तीनों की मौत हो गई. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. इस दर्दनाक घटना को लेकर पुलिस की ओर से जांच की जा रही है. एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से इलाके में शोक की लहर है. हंसते-खेलते परिवार के इस तरह खत्म होने की घटना से स्थानीय लोगों में भी गहरा दुख है.





