38 ब्लड बैंकों पर एफडीए की गाज

34 के लाइसेंस निलंबित, 4 के परमीट रद्द

मुंबई /दि.15- महाराष्ट्र में सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और मानकों के अनुरुप रक्त उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एफडीए ने नियमों का उल्लंघन करनेवाले रक्त केंद्र और ब्लड स्टोरेज सेंटरों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाते हुए अप्रैल से जून माह के बीच 38 संस्थानों पर कडी कार्रवाई की है. इनमें 34 लाइसेंस निलंबित और 4 स्थायी रुप से रद्द कर दिए गए है.
राज्य में वर्तमान में 413 लाइसेंसधारी ब्लड सेंटर और 468 लाइसेंसधारी ब्लड स्टोरेज सेंटर संचालित है. ऐसे में एफडीए राज्यभर के रक्तदान केंद्रों और ब्लड स्टोरेज सेंटरों पर सख्त निगरानी रखे हुए है. इसी के तहत अप्रैल से जून के बीच की गई जांच में गंभीर अनियमितताएं सामने आने पर 21 ब्लड सेंटर और 13 ब्लड स्टोरेज सेंटरों के लाइसेंस निलंबित किए गए, जबकी दो-दो ब्लड सेंटर व ब्लड स्टोरेज सेंटरों के लाइसेंस स्थायी रुप से रद्द किए गए है.

* जारी रहेंगे निरीक्षण
एफडीए आयुक्त तुकाराम मुंढे ने कहा कि, रक्त कोई सामान्य औषधि नहीं, बल्कि जीवनरक्षक संसाधन है. नागरिकों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण रक्त उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च जिम्मेदारी है. नियमों का उल्लंघन करनेवाले किसी भी रक्त केंद्र या ब्लड स्टोरेज सेंटर को बक्शा नहीं जाएगा. भविष्य में भी नियमित और आकस्मिक निरीक्षण जारी रखकर सार्वजनिक स्वास्थ्य की सुरक्षा निश्चित की जाएगी.

Back to top button