कोणार्क कंपनी पर ठोका 1 लाख का जुर्माना

अतिरिक्त आयुक्त शिल्पा नाईक ने जारी किये आदेश

* मामला मनपा जोन क्र. 1 व 5 में स्वच्छता व्यवस्था का
अमरावती /दि.3- मनपा के जोन क्र. 1 व 5 में बुधवार को स्वच्छता व्यवस्था बंद पाये जाने के मामले में गुरुवार को मनपा की अतिरिक्त आयुक्त शिल्पा नाईक के निर्णय पर कोणार्क इन्फ्रास्ट्रक्चर प्रा. लि. कंपनी पर एक लाख रुपए का जुर्माना ठोका गया है. जिनमें प्रभाग क्र. 5 रामपुरी कैम्प, प्रभाग क्र. 17 गडगडेश्वर अंतर्गत रोजाना साफ-सफाई कार्य बंद होने की बात अधिकारियों द्वारा निरीक्षण दौरे में सामने आयी थी. जिसके चलते कोणार्क के बिल से 1 लाख रुपए की राशि वसूलने का निर्णय गुरुवार 2 अप्रैल को अतिरिक्त आयुक्त शिल्पा नाइक ने लिया और इस संबंध में आदेश जारी किये व यह जुर्माने की राशि अप्रैल 2026 के कोणार्क के बिल से काटी जाये, ऐसे निर्देश दिये.
बुधवार को जोन क्र. 1 व 5 में कामकाज बंद होने के बाद गुरुवार 2 अप्रैल को गडगडेश्वर प्रभाग में अतिरिक्त आयुक्त शिल्पा नाइक द्वारा किये गये दौरे के दौरान कई शिकायतें और खामिया प्राप्त होने के चलते शिल्पा नाइक के निर्देश पर इस प्रभाग से जुडे संबंधित स्वास्थ्य निरीक्षक पर कार्रवाई किये जाने के आदेश जारी कर दिये गये है. बताया जाता है कि, गुरुवार को दौरा करते समय जोन क्र. 5 के एक स्वास्थ्य निरीक्षक द्वारा अतिरिक्त आयुक्त शिल्पा नाइक को गलत जानकारी देकर घटनास्थल पर बुलाया गया. जहां पहुंचते ही कुछ पुराने ठेकेदारों द्वारा अतिरिक्त आयुक्त के साथ की गई. बाचाबाची के चलते वातावरण गर्मा गया था. अंतत: उस ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर कांग्रेस के तमाम पार्षदों ने गुरुवार को ही आयुक्त सौम्या शर्मा से मुलाकात कर कडे शब्दों में संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग के साथ ही शुक्रवार से संपूर्ण शहर में नियमित साफ-सफाई की मांग की है. अन्यथा आंदोलन की चेतावनी भी दी गई है.

* आज से सुचारु नहीं हुई व्यवस्था तो करेंगे आंदोलन
– कांग्रेस की चेतावनी
कोणार्क कंपनी के साफ-सफाई कर्मचारियों द्वारा विगत बुधवार को हडताड शुरु किये जाने से एमआईएम के पार्षदों ने मनपा के मुख्यालय में जोरदार आंदोलन किया था. इसी मुद्दे पर गुरुवार को कांग्रेस ने भी मनपा आयुक्त से मुलाकात कर अधिकृत रुप से प्रेस विज्ञप्ति जारी कर 3 अप्रैल से सफाई कार्य शुरु नहीं किया गया तो तीव्र आंदोलन छेडने की चेतावनी दी गई है. मुलाकात के दौरान प्रतिनिधि मंडल ने आयुक्त से कहा कि, अगर कामकाज शुरु नहीं हुआ, तो होने वाली अप्रिय घटना की पूरी जिम्मेदारी कोणार्क कंपनी और मनपा प्रशासन की होगी. साथ ही काम नहीं शुरु होने पर उग्र आंदोलन शुरु किया जाएगा. इसी के साथ ही कांग्रेसियों ने आरोप लगाया कि, ठेका देते समय पारदर्शिता नहीं बरती गई और पुराने ठेकेदार पर ही निर्भर होकर अब भी कोणार्क कंपनी कामकाज की व्यवस्था चला रही है. वहीं पुराने ठेकेदार अब भी साफ-सफाई की व्यवस्था में दखल अंदाजी कर रहे हैं. जिनके खिलाफ कार्रवाई की मांग मनपा में विपक्ष के नेता विलास इंगोले, कांग्रेस अध्यक्ष बबलू शेखावत, पूर्व महापौर तथा स्वीकृत नगरसेवक मिलिंद चिमोटे, धीरज हिवसे व कांग्रेसियों ने की है.

 

Back to top button