नागपुर के कलमना टिंबर मार्केट में आग का तांडव!
करोड़ों रुपये की लकड़ी जलकर खाक

नागपुर/दि.6 – कलमना स्थित चिखली लेआउट इलाके में मंगलवार आधी रात टिंबर ट्रेडर्स (सॉ मिल) के गोदाम में भीषण आग लगने की घटना सामने आई. इस भीषण आग की घटना में रामेश्वर टिंबर ट्रेडर्स और कमला टिंबर ट्रेडर्स की करीब एक करोड़ रुपये की लकड़ी जलकर खाक हो गई है, ऐसी जानकारी सामने आई है.
इस घटना में सागवान की लकड़ी, दो वुड कटिंग मशीन, टिन शेड, इलेक्ट्रिक वायरिंग और एसी सिस्टम पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए. हालांकि, सौभाग्य से इस घटना में किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई. मंगलवार आधी रात लगी इस आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया. घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंच गई थी. कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन इसमें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है. दूसरी ओर, यह आग आखिर किस वजह से लगी, इसका कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है.