चंद्रपुर के चार मजदूरों की मौत, 27 घायल

तेलंगना में भीषण सड़क हादसा

* मृतक और घायल मजदूर सिंदेवाही तहसील के रहनेवाले
* धान की बुआई के लिए काम पर गये थे तेलंगना
चंद्रपुर/दि.10 – तेलंगना के रामागुंडम क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे में महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले के चार प्रवासी मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 27 अन्य मजदूर घायल हो गए. हादसे के बाद सिंदेवाही तहसील के पवना चक गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है.
जानकारी के मुताबिक सिंदेवाही तहसील के पवना चक गांव के मजदूर हर वर्ष की तरह इस बार भी धान रोपाई के मौसमी कार्य के लिए तेलंगना गए थे. गुरुवार शाम करीब 6.30 बजे दिनभर काम करने के बाद वे वाहन से अपने ठिकाने लौट रहे थे. इसी दौरान रामागुंडम के पास उनका वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया. हादसा इतना भीषण था कि अतुल वासुदेव सोनुले (45), अर्चना जनार्धन सोनुले (40), प्रभा सीताराम मोहुर्ले (56) और रंजना प्रभाकर शेंडे (50) की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों में तीन महिलाएं शामिल हैं. हादसे में 27 मजदूर घायल हुए हैं, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है.
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंचे तथा सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया. तेलंगाना पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है. चंद्रपुर और गड़चिरोली जिलों के सैकड़ों मजदूर हर वर्ष रोजगार की तलाश में धान रोपाई के मौसम में तेलंगाना जाते हैं. इस हादसे ने एक बार फिर दूसरे राज्यों में काम करने वाले प्रवासी मजदूरों की सुरक्षा और परिवहन व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. प्रशासन मृतकों के पार्थिव चंद्रपुर लाने तथा घायलों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में जुटा हुआ है.

Back to top button