हत्या के प्रयास मामले का मुख्य आरोपी गिरफ्तार
राजापेठ पुलिस की कार्रवाई

* फरार आरोपी को सहायता करने वाले चाचा और जीजा भी कब्जे में
अमरावती/दि.10 – राजापेठ पुलिस ने हत्या के प्रयास और अन्य गंभीर धाराओं में दर्ज मामले के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है. आरोपी पिछले एक सप्ताह से फरार था और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार तलाश में जुटी थीं. गिरफ्तार आरोपियों का नाम भानखेडा निवासी योगेश केशव स्वर्गे (36) है. जबकि फरारी के दौरान उसकी सहायता करने वाले आरोपी चाचा दीपक मोतीराम स्वर्गे (48) और देवाशीष विलास इंगोले (18) है.
जानकारी के मुताबिक 2 जुलाई को राजापेठ थाने में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया था. मामले की जांच पुलिस निरीक्षक उमेश मुंढे कर रहे थे. अपराध की गंभीरता को देखते हुए थानेदार संदीप चव्हाण के निर्देश पर विशेष जांच शुरू की गई. भानखेडा निवासी मुख्य आरोपी योगेश केशव स्वर्गे (36) घटना के बाद से फरार था. उसकी तलाश के लिए पुलिस की टीमें शेगांव, कारंजा और अमरावती शहर के विभिन्न क्षेत्रों में भेजी गईं. 9 जुलाई को सूचना मिली कि आरोपी परतवाड़ा के गुलाबबाबा मिश्रा चौक क्षेत्र में मौजूद है. इसके बाद उपनिरीक्षक नितिन शिंदे और डीबी टीम ने छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया.
जांच के दौरान आरोपी को शरण देने और उसकी मदद करने के आरोप में भानखेडा निवासी उसके चाचा दीपक मोतीराम स्वर्गे (48) तथा परतवाडा निवासी जीजा देवाशीष विलास इंगोले (18) को भी मामले में आरोपी बनाया गया है. पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है. यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त राकेश ओला, पुलिस उपायुक्त श्याम घुगे तथा सहायक पुलिस आयुक्त संजय खताले के मार्गदर्शन में थानेदार संदीप चव्हाण के नेतृत्व में पुलिस निरीक्षक उमेश मुंढे, उपनिरीक्षक नितिन शिंदे और राजापेठ पुलिस की टीम ने संयुक्त रूप से अंजाम दी.