मोशी हादसे पर प्रकाश आंबेडकर का सरकार और विपक्ष पर हमला
कहा- विपक्ष पूरी तरह मृत, बचाव कार्य और तेज होना चाहिए

पिंपरी-चिंचवाड़ /दि.10- मोशी स्थित कचरा डिपो में हुए हादसे के बाद जारी राहत एवं बचाव कार्य के बीच वंचित बहुजन आघाड़ी के प्रमुख प्रकाश आंबेडकर ने घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने बचाव अभियान की गति, ठोस कचरा प्रबंधन व्यवस्था और विपक्ष की भूमिका को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला.
प्रकाश आंबेडकर ने कहा कि कचरा प्रबंधन की समस्या केवल मोशी तक सीमित नहीं है, बल्कि राज्य के कई शहरों में गंभीर रूप ले चुकी है. उन्होंने कहा कि इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए विशेषज्ञ समिति गठित कर वैज्ञानिक तरीके से ठोस कचरे का निपटान किया जाना चाहिए. साथ ही मनपा को पर्याप्त भूमि उपलब्ध कराकर यह सुनिश्चित करना चाहिए कि कचरा डिपो के आसपास कोई रिहायशी बस्ती न हो. उन्होंने कहा कि यदि लापरवाही सामने आती है तो संबंधित ठेकेदारों के साथ-साथ जिम्मेदार नगर निगम अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए. प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग करते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री से इस विषय पर व्यापक चर्चा की आवश्यकता बताई. विपक्ष पर निशाना साधते हुए प्रकाश आंबेडकर ने कहा, क्या आपको लगता है कि विपक्ष ज़िंदा है? विपक्ष बिल्कुल भी ज़िंदा नहीं है. उन्होंने कहा कि बचाव अभियान युद्धस्तर पर चलना चाहिए था और आधुनिक तकनीक की मदद से यह पता लगाया जाना चाहिए कि मलबे में कोई व्यक्ति जीवित है या नहीं, ताकि परिजनों को सही और समय पर जानकारी मिल सके.





