लोहे की सप्लाई के नाम पर 4 लाख रुपए की ठगी
हार्डवेअर दुकानदार समेत तीन लोगों पर मामला दर्ज

* गाडगे नगर थाना क्षेत्र के विद्यापीठ रोड की घटना
अमरावती/दि.8 – लोहे की सप्लाई का झांसा देकर एक व्यापारी से 4 लाख रुपये ऐंठने का मामला सामने आया है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर दुकान संचालक समेत तीन लोगों के खिलाफ जालसाजी का मामला दर्ज किया है. यह घटना गाडगे नगर थाना क्षेत्र के विद्यापीठ रोड पर समीर मार्केटींग नामक हार्डवेअर दुकान में घटित हुई. आरोपियों के नाम दिपेश हिवसे, हनीफ जानवानी और एक अन्य है.
साई नगर के साने गुरुजी नगर निवासी अंकुश प्रभाकर परांजपे (37) नामक पीड़ित की शिकायत के अनुसार 7 मार्च को वह विद्यापीठ रोड स्थित समीर मार्केटींग नामक हार्डवेयर दुकान पर लोहे की खरीदी के लिए गया था. दुकान में मौजूद कर्मचारी ने लोहे का भाव 53 रुपये प्रति किलो तथा सीमेंट का भाव 295 रुपये प्रति बैग बताया और उसकी फोन पर दुकान के मालिक हनीफ जनवानी से बात करवाई. शिकायत के अनुसार, हनीफ जनवानी ने 10 टन लोहे की आपूर्ति का आश्वासन देते हुए पहले 40 हजार रुपये अग्रिम जमा कराने को कहा. इसके बाद 1 लाख 10 हजार रुपये ऑनलाइन जमा करने कहा गया. इसके मुताबिक 9 मार्च को शिकायतकर्ता ने समीर मार्केटिंग के खाते में 1 लाख 10 हजार रुपये ट्रांसफर किए. इस प्रकार कुल 1 लाख 50 हजार रुपये का भुगतान किया गया.
आरोप है कि बाद में हनीफ जानवानी ने लोहे के लिए कुल 2 लाख 50 हजार रुपये और जमा किये जाये. कंपनी को 4 लाख रुपए देने के बाद माल का ट्रक रवाना होगा. अंकुश ने दुकानदार हनीफ जानवानी पर भरोसा कर ढाई लाख रुपए लोहे के लिए आरटीएजीएस कर दिये. इस तरह कुल 4 लाख रुपये का भुगतान कर दिया.
हालांकि, तय समय बीत जाने के बाद भी लोहे की आपूर्ति नहीं की गई. जब शिकायतकर्ता ने माल की डिलीवरी के बारे में पूछताछ की तो आरोपी उसे लगातार टालते रहे और फोन पर बात करने से भी बचते रहे. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि हनीफ जानवानी तथा उनकी दुकान पर काम करने वाले दिपेश हिवसे व एक अन्य ने पैसे लेने के बाद न तो ऑर्डर किया गया लोहा उपलब्ध कराया और न ही रकम वापस की. आरोपियों ने कथित रूप से धोखाधड़ी कर शिकायतकर्ता के साथ विश्वासघात किया. शिकायत के आधार पर गाडगे नगर पुलिस ने दुकान संचालक हनीफ जानवानी, दिपेश हिवसे व एक अन्य के खिलाफ बीएनएस की धारा 318 (4), 351 (2), 3 (5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरु की है.





