न्यायाधीश के यहां चोरी करने वाला गिरोह धरा गया

11.22 लाख का माल जब्त, छह आरोपी गिरफ्तार

* सभी आरोपी अमरावती शहर के रहने वाले
* परतवाडा में बंद मकान को निशाना बनाकर की थी चोरी
अमरावती/दि.22 – ग्रामीण अपराध शाखा के दल ने परतवाडा के सिविल लाइन परिसर में न्यायाधीश के बंद मकान को निशाना बनाकर चोरी करने वाले छह सदस्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 11 लाख 22 हजार 686 रुपये का चोरी का माल बरामद किया है. इसमें सोने के आभूषण, नकदी, तीन वाहन और पांच मोबाइल फोन शामिल हैं. गिरफ्तार आरोपियों के नाम अमरावती के साईनगर निवासी श्रीरंग चंद्रचूड़ रत्नपारखी (30), पंचशील नगर निवासी संतोष बारसे (31), आदिवासी नगर निवासी आकाश उर्फ कोबरा विनोद कंगाले (20), थिलोरी निवासी बालकृष्ण वाकपंजर (23), नवसारी निवासी अक्षय बालू जूंगारे (31) और आकाश उर्फ पक्या सुरेश धुर्वे है.
बता दें कि, नागपुर में कार्यरत न्यायाधीश तथा परतवाडा के सिविल लाइन परिसर में रहने वाले मोहम्मद सादिक मोहम्मद उमर (65) के बंद मकान में 18 अगस्त को चोरी हुई थी. शिकायत के मुताबिक चोरों ने उनके बंद मकान में सेंध लगाकर तिजोरी से सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी की थी. चोरी गए सामान में करीब 1 तोला सोने का हार, 2 तोला सोने की चूड़ियां, 20 तोला चांदी का सिक्का और 1 लाख 70 हजार रुपये नकद शामिल थे. पुलिस के मुताबिक चोरी की कुल कीमत करीब 11 लाख 90 हजार रुपये थी.
* पूछताछ में कबूली चोरी
ग्रामीण अपराध शाखा और परतवाड़ा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में छह संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया. पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की बात कबूल की. पुलिस ने उनके कब्जे से 67.02 ग्राम सोने के आभूषण, 76,700 रुपये नकद, तीन वाहन और पांच मोबाइल फोन सहित कुल 11 लाख 22 हजार 686 रुपये का माल जब्त किया है. पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और आरोपियों से अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है.

* सीसीटीवी और सीडीआर के जरिए पहुंचे आरोपी तक
जांच के दौरान पुलिस के दल ने तकनीकी जांच कर 80 सीसीटीवी कैमरे का जायजा किया और 210 सीडीआर का तकनीकी विश्लेषण किया. इसी आधार पर पुलिस का दल संदिग्धों तक पहुंचा. जांच में पता चला कि, आरोपियों ने बंद मकान की रैकी कर घटना को अंजाम देने की साजिश रची थी. पश्चात 18 अगस्त को सभी आरोपी एकजूट हुए. शराब का सेवन करने के बाद नियोजित तरीके से बंद मकान में सेंध लगाकर घटना को अंजाम देने के बाद अमरावती की तरफ रवाना हो गये.

* इन लोगों ने की कार्रवाई
यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम के आदेश पर अपर पुलिस अधीक्षक दत्ता तोटेवाड, उपविभागीय पुलिस अधिकारी माधव गरुड के मार्गदर्शन में अपराध शाखा के निरीक्षक अशोक लांडे के नेतृत्व में सहायक निरीक्षक संतोष गुर्जर, पीएसआई सागर हटवार, परतवाडा के थानेदार अजय आकरे, सलिम शेख, डीजी देठे, एएसआई बलवंत दाभने, भूषण पेठे, गणेश आगोले, नीलेश डांगोरे, सागर धापड, शिवाजी घुगे, दिनेश कनोजिया, युवराज सोलंके, चालक हर्षद घुसे, प्रशिक वानखडे तथा परतवाडा के एएसआई सचिन होले, सुधीर राउत, चंद्रशेखर वानखडे, घनश्याम किरोले, शुभम शर्मा, सचिन कोकने, जितेश बाबील, साइबर के रितेश गोसावी और गुणवंत शिरसाट ने यह कार्रवाई की.

Back to top button