बेलोरा एयरपोर्ट पर नवंबर के अंत तक शुरू होगी नाइट लैंडिंग सुविधा

पुणे, तिरुपति समेत पांच शहरों के लिए उड़ानें शुरू करने का प्रस्ताव

अमरावती /दि.22- अमरावती के बेलोरा एयरपोर्ट पर लंबे समय से प्रतीक्षित नाइट लैंडिंग सुविधा नवंबर 2026 के अंत तक शुरू होने की उम्मीद है. इसके लिए जरूरी रनवे लाइटिंग और अन्य तकनीकी सुविधाओं का काम अंतिम चरण में पहुंच गया है. नाइट लैंडिंग शुरू होने के बाद अमरावती से हवाई कनेक्टिविटी बढ़ने के साथ जिले के औद्योगिक और आर्थिक विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है.
महाराष्ट्र एयरपोर्ट डेवलपमेंट कंपनी के उपाध्यक्ष एवं प्रबंध संचालक दीपक कपूर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इसकी जानकारी दी है. उन्होंने बताया कि नाइट लैंडिंग सुविधा के लिए भौतिक बुनियादी ढांचे का काम अंतिम चरण में है. काम पूरा होने के बाद आवश्यक अनुमति के लिए डीजीसीए से संपर्क किया जाएगा.
* 1,850 मीटर का रनवे, लाइटिंग का काम अंतिम चरण में
बेलोरा एयरपोर्ट पर वर्तमान में 1,850 मीटर लंबा रनवे तैयार है. रात में विमानों के संचालन के लिए आवश्यक आधुनिक लाइटिंग सिस्टम लगाने का काम अंतिम चरण में है. इसके बाद डीजीसीए और संबंधित विमानन अधिकारियों द्वारा निरीक्षण किया जाएगा. एमएडीसी के मुताबिक अंतिम मंजूरी मिलने के बाद नवंबर के अंत तक नाइट लैंडिंग सुविधा शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है.
* पुणे समेत पांच शहरों के लिए उड़ान का प्रस्ताव
नाइट लैंडिंग सुविधा के साथ ही अमरावती से देश के प्रमुख शहरों के लिए हवाई कनेक्टिविटी बढ़ाने की तैयारी भी तेज हो गई है. एयरपोर्ट प्रबंधन की ओर से अलायंस एयर को अमरावती से पुणे, तिरुपति, हैदराबाद, सूरत और अहमदाबाद के लिए उड़ानें शुरू करने का प्रस्ताव भेजा गया है. इनमें अमरावती-पुणे हवाई सेवा की मांग सबसे अधिक बताई जा रही है. शिक्षा, आईटी क्षेत्र और कारोबार के लिए अमरावती से पुणे आने-जाने वाले यात्रियों की संख्या अधिक होने के कारण इस मार्ग को प्राथमिकता मिलने की संभावना है.
* मुंबई के लिए अप्रैल 2025 से शुरू हुई थी उड़ान
अमरावती से मुंबई के लिए पहली नियमित उड़ान सेवा 16 अप्रैल 2025 को अलायंस एयर ने शुरू की थी. यात्रियों की बढ़ती संख्या और हवाई सेवा की मांग को देखते हुए अब अन्य प्रमुख शहरों के लिए कनेक्टिविटी बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है.
* डीजीसीए की टीम करेगी निरीक्षण
नाइट लैंडिंग शुरू करने से पहले नागरिक उड्डयन महासंचालनालय की टीम एयरपोर्ट का निरीक्षण करेगी. टीम रनवे, लाइटिंग सिस्टम और अन्य जरूरी तकनीकी व्यवस्थाओं की भौतिक जांच करेगी. निरीक्षण के दौरान यदि किसी सुधार की आवश्यकता बताई जाती है तो उसे पूरा करने के बाद अंतिम मंजूरी प्राप्त की जाएगी. एमएडीसी के वाइस चेयरमैन एवं एमडी दीपक कपूर ने उम्मीद जताई है कि निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद नवंबर के अंत तक बेलोरा एयरपोर्ट पर नाइट लैंडिंग सुविधा शुरू हो जाएगी. इससे अमरावती और आसपास के क्षेत्र की हवाई कनेक्टिविटी को बड़ा विस्तार मिलने की संभावना है.

Back to top button