गुजराती एज्यू. सोसा. के नवनिर्वाचित अध्यक्ष सीए निलेश लाठिया का कथन
नई सीबीएसई स्कूल शुरू करना रहेगी पहली प्राथमिकता

* अध्यक्ष निर्वाचित होते ही अमरावती मंडल को दिया विशेष साक्षात्कार
* मणिबाई हायस्कूल की शैक्षणिक गुणवत्ता का स्तर ऊंचा उठाने की दिखाई प्रतिबध्दता
* क्रीडा क्षेत्र में शाला को गतवैभव दिलाने तथा नई शिक्षा नीति पर प्रभावी अमल करने की भी बात कही
अमरावती /दि. 29- गत रोज गुजराती एज्यूकेशन सोसायटी में वर्ष 2026-29 के त्रैवार्षिक कार्यकाल के लिए नई कार्यकारिणी का चयन करने हेतु हुए चुनाव में विजयी रहे नवनिर्वाचित अध्यक्ष सीए निलेश लाठिया ने अपने निर्वाचन पश्चात दैनिक अमरावती मंडल के साथ विशेष तौर पर बातचित की. इस बातचित के दौरान सीए निलेश लाठिया ने संस्थाध्यक्ष के तौर पर अपने आगामी तीन वर्षों के कार्यकाल दौरान मार्डी रोड पर संस्था की सीबीएसई स्कूल शुरू करने को अपनी सबसे पहली प्राथमिकता बताया. साथ ही कहा कि संस्था द्वारा संचालित शालाओं एवं कनिष्ठ महाविद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता के स्तर को ऊंचा उठाना भी उनकी पहली प्राथमिकता में शामिल है.
दैनिक अमरावती मंडल के साथ विशेष तौर पर बातचित करते हुए गुजराती एज्यूकेशन सोसायटी के नवनिर्वाचित अध्यक्ष सीए निलेश लाठिया ने कहा कि संस्था द्वारा संचालित शिक्षा संस्थाओं में नई शिक्षा नीति को लागू करने की बात के मद्देनजर शिक्षकों का प्रशिक्षण पहले ही पूरा हो चुका है. ऐसे में सभी शिक्षकों को नई कार्यकारिणी के पदाधिकारियों और सदस्यों द्वारा नई शिक्षा नीति को अमल में लाने के लिहाज से प्रोत्साहित भी किया जाएगा.
इस विशेष साक्षात्कार के दौरान संस्था द्वारा संचालित शालाओं के अकादमिक स्तर को ऊंचा उठाने पर अपना पूरा फोकस रखते हुए नवनिर्वाचित अध्यक्ष सीए निलेश लाठिया ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में नामांकित करने के साथ-साथ किसी समय मणिबाई हायस्कूल का नाम संभाग स्तर पर भी काफी विख्यात था. ऐसे में अब शैक्षणिक गुणवत्ता के स्तर को ऊंचा उठाने के साथ-साथ इस बात की ओर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा कि, हमारी शालाओं में पढने वाले विद्यार्थी खेल-कूद में भी आगे रहे तथा पढाई-लिखाई के साथ ही क्रीडा क्षेत्र में भी उल्लेखनिय उपलब्धियां हासिल करें.
इसके साथ ही इस बातचित में नवनिर्वाचित अध्यक्ष सीए निलेश लाठिया ने कहा कि संस्था द्वारा करीब 11 वर्ष पहले ही नई सीबीएसई स्कूल शुरू करने के लिए मार्डी रोड पर जमिन खरिद ली गई थी. परंंतु वहां पर नई इमारत निर्माण हेतु संस्था के पास फंड की कुछ कमी है. साथ ही शायद तत्कालिन पदाधिकारियों व सदस्यों के प्रयास कुछ कम पड गए. जिसके चलते यह काम अब तक अधुरा पडा हुआ है. ऐसे में अब वे अपनी ओर से पूरा प्रयास करेंगे की उनके आगामी तीन वर्षीय कार्यकाल के दौरान मार्डी रोड की संस्था की नई इमारत का निर्माण होने के साथ ही वहां पर नई सीबीएसई स्कूल शुरू करने के प्रस्ताव को मंजुरी भी मिल जाए.
इसके अलावा इस बातचित के दौरान संस्था में लगातार मतदाताओं की घटती संख्या की ओर ध्यान दिलाने जाने पर नवनिर्वाचित अध्यक्ष सीए निलेश लाठिया ने कहा कि संस्था का संविधान वर्ष 1967 में बना था. जिसमें अब मौजुदा दौर की जरूरतों के लिहाज से काफी बडे पैमाने पर बदलाव किए जाने की जरूरत है. ऐसे में संशोधन करने के बाद ही संस्था में नए सदस्यों का पंजियन करना संभव हो पाएगा. इसके लिए संस्था की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी द्वारा तमाम आवश्यक प्रयास किए जाएंगे.
इस वार्तालाप के अंत में पुछे गए एक सवाल के जवाब में गुजराती एज्यूकेशन सोसायटी के नवनिर्वाचित अध्यक्ष सीए निलेश लाठिया ने कहा कि गुजराती समाज द्वारा संचालित इस शिक्षा संस्था में किसी भी तरह की राजनीति के लिए कोई स्थान नहीं है. चुंकि संस्था के साथ जुडे हर एक समाज बंधु की यह चाहत रहती है कि किसी भी संस्था में काम करने का अवसर मिले. जिसके चलते अध्यक्ष व उपाध्यक्ष सहीत सदस्य पदों के लिए एक से अधिक दावेदार या इच्छुक सामने आ जाते है. जिसकी वजह से चुनाव एवं मतदान करवाने की नौबत आन पडती है. लेकिन चुनाव निपट जाते ही दावेदारों के बिच रहनेवाली प्रतिस्पर्धा भी पिछे छूट जाती है और सभी समाजबंधू अपने समाज की इस नामांकित शिक्षा संस्था के उत्थान एवं विकास के लिए काम करने लगते है.





