अमरावती में एमआयडीसी रोड पर दर्दनाक हिट एंड रन
तेज रफ्तार कार की टक्कर से मजदूर की मौत, चालक फरार

अमरावती/दि.9- शहर के राजापेठ थाना क्षेत्र स्थित एमआयडीसी रोड पर गुरुवार देर रात एक दर्दनाक हिट एंड रन हादसे में 30 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई. तेज रफ्तार कार ने सड़क पार कर रहे युवक को जोरदार टक्कर मार दी, जिसके बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया. घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है.
इस संदर्भ में पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान सचिन बंसीलाल कासदेकर (30) निवासी अमरावती के रूप में हुई है. वह एमआयडीसी क्षेत्र में मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था. देर रात काम से लौटते समय वह सड़क पार कर रहा था, तभी तेज गति से आ रही एक कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि सचिन कास्देकर कई फीट दूर जा गिरा और गंभीर चोटों के कारण उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद चालक ने वाहन रोकने के बजाय मौके से भागना ही बेहतर समझा और वह अपने वाहन सहित मौके से फरार हो गया.
घटना की सूचना मिलते ही राजापेठ पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची. पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया. अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा फरार वाहन और चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. अधिकारियों का कहना है कि उपलब्ध तकनीकी साक्ष्यों और प्रत्यक्षदर्शियों की मदद से आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा.
स्थानीय नागरिकों ने एमआयडीसी रोड पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की है. उनका कहना है कि इस मार्ग पर लगातार बढ़ती वाहन गति के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है और समय रहते प्रभावी उपाय नहीं किए गए तो ऐसे हादसे दोबारा हो सकते हैं.





