लोग सवाल पूछेंगे तो महाराष्ट्र का अपमान कैसे?

‘मिसिंग लिंक’ मुद्दे पर राज ठाकरे का सरकार पर हमला

मुंबई/दि.9 – महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना प्रमुख राज ठाकरे ने मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे के ‘मिसिंग लिंक’ परियोजना के एक हिस्से को हुए नुकसान को लेकर राज्य सरकार और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि किसी परियोजना की खामियों पर सवाल उठाना महाराष्ट्र का अपमान नहीं, बल्कि जनता का अधिकार है.
राज ठाकरे ने कहा, मिसिंग लिंक का हिस्सा गिर गया, पानी भर गया और कहा जा रहा है कि इस पर राजनीति मत करो. जब दूसरी सरकारें थीं तब आंदोलन और आरोप-प्रत्यारोप राजनीति नहीं थे क्या? उन्होंने मुख्यमंत्री के उस बयान पर भी निशाना साधा, जिसमें महाराष्ट्र के अपमान की बात कही गई थी. राज ठाकरे ने कहा, लोग मिसिंग लिंक पर सवाल उठा रहे हैं, इसमें महाराष्ट्र का अपमान कहां है? जनता को सवाल पूछने का पूरा अधिकार है. मनसे प्रमुख ने आरोप लगाया कि पिछले कई वर्षों में राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ सोशल मीडिया पर अपमानजनक भाषा और व्यक्तिगत टिप्पणियों की शुरुआत सत्ताधारी दल की ओर से की गई. उन्होंने कहा, आज वही माहौल उनके खिलाफ खड़ा हो गया है, इसलिए उन्हें परेशानी हो रही है.
राज ठाकरे ने भाजपा नेताओं के उस तर्क पर भी सवाल उठाया, जिसमें घटना को प्राकृतिक बताया गया था. उन्होंने कहा कि अगर हर दुर्घटना को प्राकृतिक कहकर टाल दिया जाएगा, तो सरकार की जवाबदेही कैसे तय होगी. उन्होंने मुंबई में जलभराव, सड़क हादसों और बुनियादी ढांचे की समस्याओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सत्ता में रहते समय सरकार को अपनी जिम्मेदारी स्वीकार करनी चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि सौभाग्य से ‘मिसिंग लिंक’ घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन ऐसी घटनाओं को हल्के में नहीं लिया जाना चाहिए और परियोजनाओं की गुणवत्ता तथा जवाबदेही सुनिश्चित की जानी चाहिए.

Back to top button