पति की कीमत 1 लाख
चंद्रपुर में पत्नी ने खुद अपने ही सुहाग की सुपारी दी

* स्कूल परिसर के पास मिली बॉडी, 4 गिरफ्तार
चंद्रपुर/दि.5 – पत्नी ने एक लाख रुपये की सुपारी देकर अपने शिक्षक पति की हत्या करवा दी, यह पुलिस जांच में सामने आया है. यह घटना भद्रावती तालुका के घोडपेठ में हुई. इस मामले में पुलिस ने पत्नी सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. रविंद्र तुलशीराम कुलमेथे (46, निवासी गडचिरोली) मृतक का नाम है. जबकि पत्नी दीपमाला कुलमेथे, वर्षा परचाके, सोनू उर्फ प्रवीण कालोकर और नजीर अंसारी आरोपी हैं.
पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मृतक की पहचान की. प्रारंभिक जांच में यह मामला आकस्मिक मृत्यु लग रहा था, लेकिन गहन जांच में चौंकाने वाला सच सामने आया. मृतक की पत्नी दीपमाला कुलमेथे ने ही पति की हत्या के लिए वर्षा परचाके, सोनू उर्फ प्रवीण कालोकर और नजीर अंसारी को 1 लाख रुपये की सुपारी दी थी, यह स्पष्ट हुआ.
भद्रावती पुलिस और स्थानीय अपराध शाखा ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी दीपमाला कुलमेथे और वर्षा परचाके को वरोरा से, जबकि सोनू उर्फ प्रवीण कालोकर और नजीर अंसारी को नागपुर से गिरफ्तार किया. आरोपियों से अपराध में इस्तेमाल की गई कार और तीन मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं. पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध कबूल कर लिया है.
1 मई को आरोपियों ने मृतक को कार में बैठाकर घोडपेठ के सुनसान इलाके में ले जाया. वहां कार में ही उसका गला घोंटकर हत्या कर दी गई और शव वहीं छोड़कर आरोपी फरार हो गए. रविंद्र गडचिरोली के जिला परिषद स्कूल में शिक्षक था, लेकिन पिछले डेढ़ साल से वह स्कूल नहीं जा रहा था. उसे शराब की लत थी और वह पत्नी के साथ मारपीट कर उसे परेशान करता था, ऐसा पत्नी ने बताया. इसी कारण परेशान होकर उसने यह कदम उठाने की बात कबूल की, ऐसी जानकारी स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक अमोल काचोरे ने दी.





