महीनेभर में किसान कर्जमाफी

कृषि मंत्री दत्तात्रय भरणे की बडी घोषणा

* फसल नुकसान की भरपाई भी मिलेगी
पुणे/दि.5 – राज्य में कर्जमाफी से जुड़ी सभी जानकारी का संकलन पूरा हो चुका है और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस आने वाले एक महीने के भीतर इस पर अंतिम निर्णय लेंगे, ऐसी जानकारी राज्य के कृषि मंत्री दत्तात्रय भरणे ने दी. पुणे स्थित कृषि आयुक्त कार्यालय में आयोजित बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने यह जानकारी दी.
महाराष्ट्र सरकार ने 2026-27 के बजट सत्र में ’पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर शेतकरी कर्जमाफी योजना’ घोषित की है. इसके तहत 30 सितंबर 2025 तक के 2 लाख रुपये तक के बकायेदार किसानों का फसल ऋण माफ किया जाएगा और नियमित कर्जदार किसानों को 50 हजार रुपये का प्रोत्साहन अनुदान मिलेगा.
* कृषि मंत्री भरणे ने कहा
किसान कर्जमाफी को लेकर कृषि मंत्री दत्तात्रय भरणे ने कहा कि कर्जमाफी से जुड़ी सभी तकनीकी जानकारी जुटाने का काम पूरा हो चुका है. एक महीने के भीतर इस पर अंतिम मुहर लग जाएगी. इससे राज्य के लाखों किसानों को बड़ा सहारा मिलेगा. इसके अलावा, पिछले दो महीनों में हुई बेमौसम बारिश की मदद भी संबंधित किसानों तक पहुंचाई जा रही है, ऐसा उन्होंने बताया. अतिवृष्टि और बेमौसम बारिश से हुए फसल नुकसान के बारे में बोलते हुए कृषि मंत्री भरणे ने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों के पंचनामे पूरे हो चुके हैं. जिन किसानों का नुकसान हुआ है, उन्हें सरकार के नियमों के अनुसार जल्द ही मुआवजा दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि सरकार किसान हित के लिए प्रतिबद्ध है.
* किसानों के लिए ’कृषि मित्र’ योजना
कृषि में आधुनिक तकनीक के प्रसार के लिए और ग्रामीण युवाओं को रोजगार के अवसर देने के लिए कृषि विभाग अब ’कृषि मित्र’ नाम की नई योजना लागू करेगा, ऐसी घोषणा कृषि मंत्री दत्तात्रय भरणे ने की. इस योजना के पहले चरण में राज्य भर में 11,587 पर्यवेक्षकों की जिला स्तर पर नियुक्ति की जाएगी. चयनित कृषि मित्रों को सालाना 18 हजार रुपये मानदेय दिया जाएगा और यह राशि हर तीन महीने में उनके खाते में जमा की जाएगी. सरकार का लक्ष्य है कि यह योजना 1 जून से पूरे राज्य में प्रभावी रूप से लागू की जाए. आधुनिक कृषि तकनीक को गांव-गांव के हर किसान तक पहुंचाना इस योजना का मुख्य उद्देश्य है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर खुलेंगे, ऐसा विश्वास भरणे ने व्यक्त किया.

Back to top button