पांढरकवड़ा में 17.82 लाख रुपये का अवैध कृषि सामग्री का जखीरा जब्त
एक के खिलाफ मामला दर्ज, जिला व तहसील प्रशासन की कार्रवाई

यवतमाल/दि.1 – जिले के पांढरकवड़ा तहसील के खैरगांव (दे.) में कृषि विभाग की उड़नदस्ता टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 17 लाख 82 हजार 135 रुपये मूल्य की अवैध, प्रतिबंधित और एक्सपायरी हो चुकी कृषि सामग्री जब्त की है. इस मामले में एक आरोपी के खिलाफ पांढरकवड़ा पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है.
कृषि अधिकारियों को मिली गोपनीय सूचना के आधार पर जिला एवं तहसील स्तर की संयुक्त टीम ने यश गजानन शिवनवार (26) के घर पर छापा मारा. जांच में पता चला कि आरोपी बिना किसी वैध लाइसेंस के बिक्री के उद्देश्य से बड़ी मात्रा में कीटनाशक, रासायनिक उर्वरक और जैव-उत्तेजक का अवैध भंडारण कर रहा था. कार्रवाई के दौरान टीम ने कुल 2,285 किलोग्राम कृषि सामग्री जब्त कर सील कर दी.
कृषि विभाग के अनुसार, आरोपी बिना लाइसेंस के प्रतिबंधित और एक्सपायरी कृषि उत्पादों की बिक्री कर किसानों के साथ धोखाधड़ी तथा शासन को राजस्व का नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहा था. इस कार्रवाई में अमरावती संभाग के विभागीय कृषि अधिकारियों, यवतमाल जिला अधीक्षक कृषि अधिकारी, जिला गुणवत्ता नियंत्रण निरीक्षक तथा पांढरकवड़ा, कलंब और मारेगांव के कृषि अधिकारियों की संयुक्त टीम शामिल रही. कृषि विभाग ने कहा है कि खरीफ सीजन के दौरान नकली, अवैध और एक्सपायरी खाद-कीटनाशकों की बिक्री करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा.
जब्त सामग्री में 358.55 किलोग्राम एक्सपायरी कीटनाशक, कीमत लगभग 8 लाख रुपये, 1,735 किलोग्राम अवैध रासायनिक उर्वरक, कीमत 4.56 लाख रुपये, 188.15 किलोग्राम अवैध जैव-उत्तेजक, कीमत 5.22 लाख रुपये शामिल है.





