अवैध साहूकारी व माइक्रो फाइनेंस की मनमानी वसूली पर लगेगी रोक

सहकार मंत्री बाबासाहेब पाटिल की अध्यक्षता में बैठक

* विधायक बच्चू कडू ने उठाए सवाल
* डीडीआर प्रकरण तीन माह में निपटाने की मांग
मुंबई/दि.9  – सिर्फ सवाल उठाना नहीं बल्कि सवाल का समाधान करना है की भूमिका के तहत विधान परिषद सदस्य बच्चू कडू ने सूखाग्रस्त किसानों, महिला बचत समूहों और माइक्रो फाइनेंस कंपनियों के कर्जदारों से की जा रही मनमानी वसूली का मुद्दा सहकारिता मंत्री बाबासाहेब पाटिल के समक्ष उठाया. इस मुद्दे को लेकर सहकारिता मंत्री बाबासाहेब पाटिल की अध्यक्षता में मंत्रालय में विशेष बैठक का आयोजन किया गया. बैठक में अवैध साहूकारी से जुडे लंबित मामलों को तत्काल निपटाने तथा जिला उपनिबंधकों को प्रत्येक मामले में तेजी से निर्णय लेने के निर्देश दिए गए.
विधायक बच्चू कडू ने बैठक में कहा कि, सूखे की स्थिति में किसान, महिलाएं और महिला बचत समूह पहले से ही आर्थिक संकट का सामना कर रहे है. इसके बावजूद माइक्रो फाइनेंस कंपनियों अथवा अवैध साहूकारों द्वारा मानसिक दबाव बनाकर जबरन वसूली किए जाने की शिकायतें सामने आ रही है. ऐसे में मामलों में संबंधित लोगों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाने की आवश्यकता उन्होंने जताई. बच्चू कडू ने लंबित डीडीआर प्रकरणों को तीन माह के भीतर निपटाने की मांग की. साथ ही अवैध साहूकारी के माध्यम से जमिनी या अन्य संपत्ति हडपने संबंधी शिकायतों की गंभीरता से जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए.
सहकारिता मंत्री बाबासाहेब पाटिल ने कहा कि, सूखे की परिस्थिति में अवैध साहूकारी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जिलाधिकारियों को नियमित समीक्षा करनी चाहिए. जिला उपनिबंधक और पुलिस प्रशासन को आपसी समन्वय से कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए. बैठक में विधायक बच्चू कडू के साथ जिला उपनिबंधक और संबंधित अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से उपस्थित थे.

* तीन महिने में होना चाहिए मामलों का फैसला
सूखे की स्थिति में किसान पहले से ही परेशान है. सरकार की ओर से राहत मिलने के बाद भी यदि साहूकार या माइक्रो फाइनेंस कंपनियां वसूली के नाम पर उसका उत्पीडन करती है, तो इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. लंबित मामलों को वर्षों तक चलाकर कर्जदारों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगवाए जा सकते है. तीन महिने के भीतर मामलों का निपटारा होना चाहिए और परेशान करनेवालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए. केवल सवाल उठाकर रुक जाना हमारा स्वभाव नहीं है. जब तक समस्या का समाधान नहीं होगा, तब तक हमारा प्रयास जारी रहेगा.
– बच्चू कडू
विधान परिषद सदस्य.

Back to top button