रेल यात्रियों के लिए जरूरी खबर
4 जुलाई को अमरावती-पुणे एक्सप्रेस हडपसर तक ही चलेगी

* कई ट्रेनें प्रभावित, पुणे यार्ड में आधुनिकीकरण का कार्य
अमरावती/दि.1 – मध्य रेलवे के पुणे यार्ड में ट्रैक और सिग्नलिंग आधुनिकीकरण के कार्य के चलते 4 जुलाई को चलने वाली 11406 अमरावती-पुणे एक्सप्रेस को पुणे स्टेशन तक नहीं ले जाया जाएगा. यह ट्रेन हडपसर स्टेशन तक ही संचालित होगी. रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा की योजना पहले से बनाने की अपील की है.
रेलवे के अनुसार, पुणे यार्ड में ट्रैक संरचना के डीडीएस प्वाइंट नंबर 207/208 को बदलने का कार्य किया जाएगा. इसके लिए विशेष ट्रैफिक और पावर ब्लॉक लिया जाएगा, जिससे कई ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ेगा. रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा से पहले एनटीईएस ऐप या रेलवे की आधिकारिक पूछताछ प्रणाली पर अपनी ट्रेन की ताज़ा स्थिति और समय-सारिणी की जानकारी लेकर ही यात्रा करने की सलाह दी है.
* यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण जानकारी
– 4 जुलाई 2026 को चलने वाली 11406 अमरावती-पुणे एक्सप्रेस केवल अमरावती से हडपसर तक ही चलेगी.
– हडपसर से पुणे के बीच इस ट्रेन का संचालन रद्द रहेगा.
– पुणे जाने वाले यात्रियों को हडपसर से वैकल्पिक परिवहन का उपयोग करना होगा.
* इन ट्रेनों पर भी पड़ेगा असर
5 जुलाई को पुणे-तलेगांव डेमू, तलेगांव-पुणे डेमू, पुणे-दौंड डेमू, सातारा-पुणे डेमू, मुंबई सीएसएमटी-पुणे एक्सप्रेस, पुणे-मुंबई सीएसएमटी एक्सप्रेस आदि ट्रेनें पूरी तरह रद्द रहेंगी. इसके अलावा जयपुर-पुणे, मुंबई-पुणे, जम्मू तवी-पुणे, अमरावती-पुणे और नागपुर-पुणे एक्सप्रेस जैसी कई लंबी दूरी की ट्रेनें खड़की या हडपसर स्टेशन तक ही संचालित होंगी.
* कुछ ट्रेनों के प्रस्थान स्टेशन भी बदले
– कुछ लोकल ट्रेनें पुणे के बजाय शिवाजीनगर स्टेशन से रवाना होंगी.
– पुणे-जयपुर और पुणे-मुंबई सीएसएमटी एक्सप्रेस अब खड़की स्टेशन से चलेंगी.
– पुणे-नागपुर एक्सप्रेस का प्रस्थान हडपसर स्टेशन से होगा.
– लोणावला-पुणे सेक्शन की कुछ लंबी दूरी की ट्रेनें लगभग 30 मिनट की देरी से चल सकती हैं.





