ढोंगी अशोक खरात को 9वें मामले में पुलिस हिरासत

रूपाली चाकणकर की बहन से ‘ईडी’ करेगी पूछताछ

नाशिक/दि.2- कई निर्दोष लोगों को मौत का डर दिखाकर लूटने वाले ढोंगी अशोक खरात की मुश्किलें काफी बढ़ गई हैं. नौवें मामले में उसे न्यायाधीश बी. बडवे ने चार दिन की पुलिस हिरासत सुनाई है. इस बीच, इस मामले के तार अब राजनीतिक नेताओं के रिश्तेदारों तक पहुंच गए हैं और राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्षा रूपाली चाकणकर की बहन प्रतिभा चाकणकर को ‘ईडी’ ने पूछताछ के लिए समन भेजा है.
ढोंगी खरात ने एक व्यापारी को ‘अवतार पूजा’ का लालच देकर करीब 4 से 5 करोड़ रुपये ठग लिए. इतना ही नहीं, मौत का डर दिखाकर उस व्यापारी से एक महंगी कार भी अपने कब्जे में ले ली और बाद में उसे कागजों में अपने नाम पर करवा लिया. सरकारी वकील शैलेंद्र बागडे और सहायक सरकारी अभियोजक किरण बेंडभर ने अदालत में दलील देते हुए खरात के इन गंभीर अपराधों की जानकारी दी. इसी तरह उसने और किन-किन लोगों को ठगा है, इसकी जांच अब पुलिस कर रही है.
* ‘ईडी’ चाकणकर से करेगी पूछताछ
इस मामले में सबसे बड़ा मोड़ तब आया जब प्रतिभा चाकणकर और ढोंगी खरात के संबंध सामने आए. जांच के दौरान कॉल डिटेल रिकॉर्ड से पता चला कि प्रतिभा चाकणकर ने खरात को 250 से अधिक बार कॉल किया था. इसके अलावा, समता पतसंस्था में लगभग 3 करोड़ रुपये से अधिक के संदिग्ध लेनदेन के मामले में ‘ईडी’ अब उनसे पूछताछ करेगी. इस घटना के बाद चाकणकर परिवार की जांच की मांग राजनीतिक हलकों में तेज हो गई है.
* प्रतिभा चाकणकर के नाम से खाता
ढोंगी खरात ने केवल ठगी ही नहीं की, बल्कि कई लोगों के आधार कार्ड और पैन कार्ड का इस्तेमाल कर आर्थिक गड़बड़ियां भी की हैं. जगदंबा और समता पतसंस्था में खरात सैकड़ों खातों का ‘नॉमिनी’ होने का चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. खास बात यह है कि रूपाली चाकणकर की बहन के नाम से भी एक खाता खोला गया था, जिसके लेनदेन की अब गहराई से जांच की जा रही है.
* डर दिखाकर 21 देशों की कराई सैर
सिर्फ पैसों की लूट ही नहीं, बल्कि शिकायतकर्ता की जान के डर का फायदा उठाकर खरात ने 21 देशों की यात्रा भी उसी के खर्च पर की. ढोंगी खरात ने शिकायतकर्ता को फंसाने के लिए ‘परिस’ शक्ति का लालच दिया था. यह शक्ति पाने के लिए 21 देशों की यात्रा जरूरी है और ऐसा नहीं करने पर ‘नागदेवता’ डंसेगी, जिससे उसकी मौत निश्चित है-ऐसा डर उसने दिखाया. इसी डर के कारण शिकायतकर्ता ने खरात की 21 देशों की यात्रा और वहां रहने का पूरा खर्च उठाया. लोगों की आस्था और डर का फायदा उठाकर खरात ने विदेशों में लाखों रुपये उड़ा दिए.

Back to top button