जलगांव में बाइक का नियंत्रण छूटकर ट्रैक्टर से जोरदार टक्कर

पति-पत्नी की मौके पर मौत, एक साल की मासूम बाल-बाल बची

जलगांव /दि.23- जलगांव-जामनेर हाईवे पर तोरणाला गांव के श्मशानभूमि के पास एक बेहद भीषण और दिल दहला देने वाला हादसा हुआ है. बाइक और ट्रैक्टर के बीच हुई इस जोरदार टक्कर में पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई. हालांकि, इस भीषण हादसे में उनके साथ मौजूद केवल एक साल की छोटी बच्ची चमत्कारिक रूप से बच गई है.
मिली जानकारी के अनुसार, गोपाल वासुदेव खडके (उम्र 50) और सोनाली गोपाल खडके (उम्र 45, निवासी सातबारा) अपनी बाइक से घर लौट रहे थे. जामनेर हाईवे पर तोरणाला गांव के पास श्मशानभूमि के नजदीक पहुंचते ही तेज रफ्तार बाइक का नियंत्रण छूट गया. जिसके चलते बाइक ने सामने चल रहे एक ट्रैक्टर को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. यह हादसा इतना भयानक था कि टक्कर लगने के बाद गोपाल खडके और सोनाली खडके दोनों सड़क पर जा गिरे. गंभीर चोट लगने के कारण पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई. इस हादसे में उनके साथ उनकी एक साल की छोटी बच्ची भी थी. लेकिन इसे प्रकृति का चमत्कार कहें या किस्मत का साथ, इतने भयानक हादसे में भी इस मासूम की जान बच गई.
हादसे की आवाज सुनकर स्थानीय ग्रामीण और यात्री मदद के लिए दौड़े. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कर दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया. इस दुखद घटना से खडके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और जामनेर क्षेत्र में हर तरफ शोक व्यक्त किया जा रहा है.

Back to top button